रिपोर्ट – ओम प्रकाश
चित्रकूट। बगदरी क्षेत्र में बेहद दर्दनाक घटना हो गई, जहां मछली पकड़ने गए तीन चचेरे भाइयों की पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसा मानिकपुर थाना क्षेत्र के बगदरी गांव के मजरा हेला स्थित जडेरा बांध का है। शनिवार सुबह मछली पकड़ने पहुंचे तीनों युवक गहरे पानी में समा गए। घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया। आखिर मछली पकड़ने गए तीनों युवकों के साथ क्या हुआ? चित्रकूट के मानिकपुर थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बनकर सामने आई। बगदरी गांव के मजरा हेला निवासी 17 वर्षीय राजपाल पुत्र लवकुश, 30 वर्षीय महेंद्र पुत्र जोधी और चुरेहकेशवा निवासी 32 वर्षीय रामकेश पुत्र तीरथ शनिवार सुबह करीब छह बजे जडेरा बांध में मछली पकड़ने गए थे। बताया जा रहा है कि तीनों आपस में चचेरे भाई थे। मछली पकड़ने के दौरान तीनों पानी में डूब गए और उनकी मौत हो गई।बताया गया कि तीनों युवकों के साथ महेंद्र का भाई सूरविजय भी मौजूद था। हादसा होते ही सूरविजय ने परिजनों और संबंधित लोगों को इसकी जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और युवकों को बचाने के प्रयास शुरू हुए। लेकिन इस दर्दनाक हादसे में तीनों युवकों की जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम विपिन कुमार द्विवेदी, तहसीलदार धीरज कुमार, नायब तहसीलदार दयाशंकर वर्मा और मानिकपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय स्तर पर प्रयास कर तीनों युवकों के शवों को पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
एक ही परिवार के तीन चचेरे भाइयों की मौत ने परिजनों को तोड़कर रख दिया है। घर में चीख-पुकार मची है और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस परिवार में कुछ समय पहले तक खुशियां थीं, वहां अब अपनों को खोने का गम है। इस हादसे से हेला और आसपास के गांवों में शोक का माहौल है।फिलहाल तीनों युवकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। यह हादसा एक बार फिर जलाशयों और गहरे पानी के आसपास सावधानी बरतने की जरूरत को सामने लाता है।
