रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। जानसठ ब्लॉक के गांव चौहापुर स्थित अलौकिक गौशाला सेवा ट्रस्ट द्वारा संचालित गौशाला में व्यवस्थाओं का मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी जितेंद्र कुमार गुप्ता ने स्थल सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान गौशाला में गोवंश के लिए भूसा, हरा चारा और पशु आहार पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध मिला। छाया और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था भी संतोषजनक पाई गई।
बीमार गोवंश की देखभाल के लिए गौशाला में अलग स्थान बनाया गया है। पशु चिकित्सा अधिकारी रामराज और गौशाला कार्यकर्ताओं के सहयोग से बीमार गोवंश का उपचार किए जाने की जानकारी भी मिली। निरीक्षण के दौरान गौशाला में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक पाई गई।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने गौशाला के कार्यवाहक को गौशाला से संबंधित सभी अभिलेख व्यवस्थित रखने और गोवंश की टैगिंग का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने गोवंश की देखभाल, चारा-पानी और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को नियमित रूप से बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।
