रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। कोतवाली नगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान काली नदी पुल के पास एक शातिर आरोपी को एक किलो 36 ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ जनपद के अलग-अलग थानों में हत्या के प्रयास, गोवध अधिनियम, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को कोतवाली नगर पुलिस काली नदी पुल के पास चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में मिले रउफ उर्फ काना पुत्र यूसुफ उर्फ बुद्धू, निवासी हाल पता तौफीक का होटल, कलियर, थाना कलियर, जनपद हरिद्वार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक किलो 36 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ वर्ष 2015 से लेकर 2026 तक कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गोवध अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, चोरी का माल बरामदगी, हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट के मामले शामिल हैं।
आरोपी के खिलाफ कोतवाली नगर थाने में वर्ष 2015, 2018, 2019, 2020 और 2026 में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं तितावी थाने में भी हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और बरामदगी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विक्रान्त कुमार, उपनिरीक्षक पवन प्रताप सिंह, कांस्टेबल मनीष और कांस्टेबल वेदराम शामिल रहे। मामले के विवेचक उपनिरीक्षक सन्दीप कुमार हैं।
