रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। पारिवारिक विवादों में बिखरते रिश्तों को संभालने और दंपतियों के बीच आपसी विश्वास बहाल करने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस की ओर से किए जा रहे प्रयासों के तहत शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में सम्मान एवं फीडबैक कार्यक्रम आयोजित किया गया। मिशन शक्ति अभियान-6.0 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में परिवार परामर्श केंद्र की काउंसलिंग से विवाद सुलझाने वाले 75 से अधिक दंपतियों को आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। इस दौरान दंपतियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि पुलिस की पहल से उनके रिश्तों में सुधार आया और आपसी मतभेद दूर करने में मदद मिली।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय, एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ और सहायक पुलिस अधीक्षक नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा मौजूद रहे। अधिकारियों ने परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से विवादों का समाधान कराने वाले दंपतियों से बातचीत की और उनका फीडबैक लिया।
संवाद और समझौते से रिश्तों को संवारने की पहल
परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग के जरिए दंपतियों के बीच संवाद स्थापित कर आपसी सहमति से विवादों का समाधान कराने का प्रयास किया जाता है। कार्यक्रम में शामिल दंपतियों ने बताया कि काउंसलिंग से उन्हें एक-दूसरे की बात समझने, गलतफहमियां दूर करने और आपसी विश्वास मजबूत करने में मदद मिली। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य पारिवारिक विवादों को बातचीत के माध्यम से सुलझाना और परिवारों में सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए प्रेरित करना है।
परामर्श केंद्र की टीम की अहम भूमिका
पारिवारिक विवादों के निस्तारण में परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी निरीक्षक लतेश वर्मा और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। महिला थाना प्रभारी प्रीति चहल, काउंसलर बीना शर्मा, प्रसन्न कुमार, गजाला यासमीन और अशोक बाटला भी इस कार्य में जुटे हैं। टीम काउंसलिंग के माध्यम से दंपतियों के बीच मतभेद दूर कराने और उनके पारिवारिक जीवन को बेहतर बनाने का प्रयास कर रही है।
एसएसपी सूरज कुमार राय के निर्देशन में मुजफ्फरनगर पुलिस मिशन शक्ति अभियान-6.0 के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के साथ पारिवारिक विवादों के समाधान पर भी जोर दे रही है। पुलिस का प्रयास है कि आपसी बातचीत और सहमति के जरिए विवादों को सुलझाकर रिश्तों में सुधार लाया जाए और परिवारों को टूटने से बचाने की दिशा में काम किया जाए।
