Homeउत्तर प्रदेशअपराध पर एसएसपी सख्त, थानेदारों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

अपराध पर एसएसपी सख्त, थानेदारों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। अपराध नियंत्रण को लेकर एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में अधिकारियों और थाना प्रभारियों की बैठक लेकर लंबित मामलों की समीक्षा की। गैंगचार्ट, गैंगस्टर एक्ट में संपत्ति जब्ती, साइबर अपराध, आईजीआरएस शिकायतें और आगामी त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन हुआ। एसएसपी ने साफ कहा कि महत्वपूर्ण घटनाओं में तत्काल कार्रवाई हो और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी न हो।

बैठक में एसपी सिटी अमृत जैन, एसपी क्राइम इन्दु सिद्धार्थ, एसपी ट्रैफिक अतुल कुमार चौबे समेत सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। एसएसपी ने साइबर अपराध की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई और पीड़ितों को सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मीडिया को केवल प्रमाणित और तथ्यात्मक जानकारी देने पर भी जोर दिया।

गैंगचार्ट से जुड़े मामलों में थाना प्रभारियों को स्वयं अभिलेखों और तथ्यों की जांच कर विधिक कार्रवाई पूरी कराने के निर्देश दिए गए। गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत प्रस्तावित मामलों में अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की जांच कर कार्रवाई के प्रस्ताव समयबद्ध भेजने को कहा गया।

आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील स्थानों और विवादित मामलों को चिह्नित कर निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अदालतों में गवाहों की समय से पेशी और लंबित मामलों में प्रभावी पैरवी पर भी जोर रहा। आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में खानापूर्ति के बजाय वास्तविक समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।

यक्ष ऐप, एसआईडी, ई-साक्ष्य और ई-समन की प्रगति की समीक्षा के बाद एसएसपी ने डिजिटल माध्यमों के प्रभावी इस्तेमाल के निर्देश दिए। 60 और 90 दिन की लंबित विवेचनाओं पर भी शिकंजा कसते हुए थाना प्रभारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments