Homeउत्तर प्रदेशहथियारों की फैक्टरी पकड़ी सात गिरफ्तार, 12 बने और चार अधबने हथियार...

हथियारों की फैक्टरी पकड़ी सात गिरफ्तार, 12 बने और चार अधबने हथियार बरामद

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। शाहपुर पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तावली रजवाहे के पास डेयरी के पीछे चल रही हथियार बनाने की गतिविधि का खुलासा करने का दावा किया है। मौके से बड़ी संख्या में बने और अधबने हथियार, कारतूस, हथियारों के पुर्जे और निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने एक मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम थाना शाहपुर पुलिस की टीम हरसौली चौकी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम तावली रजवाहे से डेयरी के पीछे कुछ लोग अवैध हथियार बनाने का काम कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची। पुलिस का दावा है कि वहां कुछ लोग हथियारों का निर्माण कर रहे थे और तैयार हथियारों को बेचने की बातचीत कर रहे थे।

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी और सात आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान 12 बने और चार अधबने अवैध हथियार बरामद हुए। इनमें छह 315 बोर के तमंचे, दो 315 बोर डबल बैरल तमंचे, दो 12 बोर तमंचे, एक 12 बोर मस्कट और एक 12 बोर बंदूक शामिल हैं। इसके अलावा एक .32 बोर का अधबना तमंचा और 315 बोर के तीन अधबने तमंचे भी बरामद किए गए।

कारतूस और हथियार बनाने का सामान भी मिला

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के 50 जिंदा कारतूस, 12 बोर के 10 जिंदा कारतूस और 315 बोर के 26 खोखे मिले हैं। इसके साथ ही 24 बुलेट निब, 500 ग्राम गंधक, 500 ग्राम पोटास, हैमर, ट्रिगर समेत तमंचों के अन्य पुर्जे और अवैध हथियार व कारतूस बनाने के उपकरण बरामद किए गए।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने एक-दूसरे के साथ मिलकर सुनसान स्थानों पर अवैध हथियार और कारतूस तैयार करने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, तैयार हथियारों और कारतूसों को आसपास के गांवों तथा दूसरे स्थानों पर ग्राहकों को बेचकर आर्थिक लाभ कमाया जाता था।

किसके जिम्मे कौन सा काम

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि इदरीश उर्फ गुल्लू और कय्यूम तमंचे तैयार करते थे। शाहनवाज और आबिद तैयार हथियारों को आसपास के गांवों और अन्य स्थानों पर बेचने का काम करते थे। अरशद और खालिद पर अवैध कारतूस तैयार करने की जिम्मेदारी थी, जबकि बाबू उर्फ इलियास खोखे तैयार करता था। पुलिस ने इस नेटवर्क को आपस में जुड़ा हुआ बताया है।

सातों आरोपी अलग-अलग जिलों के

गिरफ्तार आरोपियों में गुल्लू उर्फ इदरीश निवासी प्रेमनगर एलम, थाना कांधला, शामली, कय्यूम निवासी हुसैनपुर कलां, थाना बुढ़ाना और हाल निवासी मदीना कॉलोनी, मुजफ्फरनगर, शाहनवाज और आबिद निवासी तिसंग, खालिद निवासी खांजापुर, अरशद निवासी इस्लामनगर खतौली तथा बाबू उर्फ इलियास निवासी कस्बा सरधना, मेरठ शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार गुल्लू उर्फ इदरीश के खिलाफ शामली और आसपास के थानों में आर्म्स एक्ट के पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं। कय्यूम के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट का एक पुराना मामला बताया गया है। शाहनवाज के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में पूर्व के मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

आयुध अधिनियम में मुकदमा

पुलिस ने मामले में थाना शाहपुर पर मु0अ0सं0 273/2026, धारा 5/25/35 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और हथियारों की बिक्री के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस टीम को 20 हजार का इनाम

कार्रवाई करने वाली शाहपुर पुलिस टीम को एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने 20 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है। कार्रवाई थानाध्यक्ष गजेंद्र सिंह के नेतृत्व में हुई। टीम में उपनिरीक्षक विकास कुमार, राहुल कुमार, विशाल यादव, हेड कांस्टेबल ललित कुमार, प्रेमचंद शर्मा तथा कांस्टेबल सोमबीर, मौ. अलीम, चंद्रवीर सिंह, कपिल कुमार, पवन कुमार, अफजाल और तरुण शर्मा शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments