रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। सोशल मीडिया पर कथित भ्रामक पोस्ट और एक हजार करोड़ रुपये की डील से जुड़े दावों को लेकर AIMIM ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के खिलाफ फेसबुक पर कथित तौर पर दुष्प्रचार करने और नेताओं की छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए पार्टी पदाधिकारियों ने थाना खालापार में तहरीर दी है। विधिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष एडवोकेट तज़क़ीर मुशीर ने दिलशाद कुरैशी और फबी आलम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक, फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए उत्तर प्रदेश में भाजपा की ओर से एक हजार करोड़ रुपये की कथित डील किए जाने और चंद्रशेखर आजाद व असदुद्दीन ओवैसी के प्रत्याशी उतारने को लेकर दावा किया गया था। आरोप है कि इस पोस्ट पर फबी आलम ने टिप्पणी करते हुए कथित आर्थिक फंडिंग और वोट कटवाने को लेकर सवाल उठाए। AIMIM पदाधिकारियों का कहना है कि बिना किसी प्रमाण के इस तरह के गंभीर दावे प्रसारित कर राजनीतिक दल और उनके नेताओं की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।
AIMIM नगर अध्यक्ष खालिद मलिक ने आरोप लगाया कि कुछ लोग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से अखबारों की फर्जी कटिंग तैयार कर उन्हें एडिट करते हैं और सोशल मीडिया पर पार्टी के खिलाफ प्रचारित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के निर्देश पर सभी जिलों में विधिक प्रकोष्ठ गठित किया गया है। यह प्रकोष्ठ सोशल मीडिया पर पार्टी के खिलाफ प्रसारित होने वाली कथित भ्रामक सामग्री पर नजर रख रहा है।
वहीं, AIMIM के पश्चिमी उत्तर प्रदेश सचिव हाजी दीन मोहम्मद ने समाजवादी पार्टी से जुड़े कुछ लोगों पर मजलिस को बदनाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कृष्णापुरी में दोनों गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं की एंट्री बंद करने संबंधी पोस्टर लगाए जाने का मामला भी उठाया। उनके मुताबिक, इस प्रकरण में खालापार पुलिस संबंधित व्यक्ति को गिरफ्तार कर कार्रवाई कर चुकी है।
पार्टी पदाधिकारियों ने पुलिस से संबंधित फेसबुक अकाउंटों की पहचान करने, पोस्ट के मूल स्रोत, यूआरएल और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही आरोपों की पुष्टि होने पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग उठाई है।

