Homeउत्तर प्रदेशसेवा संकल्प अभियान में अंतिम छोर तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर...

सेवा संकल्प अभियान में अंतिम छोर तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर गुरुवार को जनपद के प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार राजनीतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार सोमेंद्र तोमर ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने अभियान के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों की योजना वार समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में किसी स्तर पर लापरवाही न हो।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनभागीदारी के साथ जन-जन तक पहुंचाना है। अभियान के दौरान होने वाले सभी कार्यक्रम संबंधित विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि आपसी समन्वय से कराएं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का असर केवल कागजों में नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचे। कोई भी पात्र लाभार्थी योजना से वंचित न रहे, इसके लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी निगरानी और समन्वय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने पर जोर दिया।

बैठक में अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक प्रस्तावित 13 प्रमुख कार्यक्रमों की योजना वार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने प्रभारी मंत्री को बताया कि अभियान के तहत तिथिवार कार्यक्रम आयोजित कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने अभियान की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों तथा विकास कार्यों से आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी व्यवस्थित रूप से संकलित की जाएगी। ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम में लाभार्थियों की वास्तविक सफलता की कहानियों के साथ फोटो और वीडियो भी संकलित कर उनका प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर की शाम सात बजे शुकतीर्थ समेत 11 स्थानों पर दीपदान कराया जाएगा। वहीं ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम में विद्यालय स्तर पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा कार्यों का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित कर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर और श्रमदान जैसी गतिविधियों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

इसी क्रम में ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ के तहत विकासखंड स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान कराने पर जोर रहेगा। इसके अलावा ‘सेवा ज्योति यात्रा’ समेत अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, नगर मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनिरुद्ध प्रताप सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments