रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। शुक्रतीर्थ में आयोजित कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले में श्रद्धालुओं के साथ पहुंचने वाले पशुओं की सेहत का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। भैंसा-बुग्गी और बैलगाड़ियों से मेले में आने वाले पशुओं को बीमारी या किसी तरह की परेशानी होने पर तत्काल उपचार मिल सके, इसके लिए पशुपालन विभाग ने मेला परिसर में अस्थायी पशु चिकित्सालय स्थापित किया है। यहां बैल, भैंसा समेत अन्य पशुओं को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
मेले में पशुओं की चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. जितेंद्र गुप्ता ने अस्थायी पशु चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध जीवनरक्षक दवाओं, प्राथमिक उपचार सामग्री और अन्य चिकित्सकीय संसाधनों की जांच की। साथ ही तैनात चिकित्सकों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि उपचार के लिए पहुंचने वाले किसी भी पशुपालक को परेशानी न हो और प्रत्येक पशु को जरूरत के मुताबिक तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए।
डॉ. जितेंद्र गुप्ता ने चिकित्सा कर्मियों को मेले के दौरान पूरी सतर्कता बरतने और पशुपालकों को आवश्यक परामर्श देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबी दूरी तय कर मेले में पहुंचने वाले पशुओं को थकान या अचानक बीमारी होने पर तत्काल उपचार मिलना जरूरी है।
पशुपालन विभाग ने मेले की अवधि में निर्बाध चिकित्सा सेवाएं देने के लिए 24 घंटे का ड्यूटी रोस्टर भी लागू किया है। इसके तहत अलग-अलग पालियों में पशु चिकित्सा अधिकारियों और सहायक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। विभाग की इस व्यवस्था से अपने पशुओं के साथ मेले में पहुंचने वाले किसानों और श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।

