रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। संविधान दिवस पर 26 नवंबर को कांग्रेस ‘संविधान बचाओ, वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के जरिए लखनऊ में अपनी ताकत दिखाएगी। कार्यक्रम कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचेगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतपाल कटारिया ने इसकी जानकारी देते हुए मुजफ्फरनगर से बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं के लखनऊ पहुंचने की बात कही है।
सतपाल कटारिया ने कहा कि संविधान, मताधिकार और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को आगे आना होगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर मतदान के अधिकार को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता के वोट की अहमियत और संविधान की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के प्रयासों से देश के नागरिकों को मतदान का अधिकार मिला। इस अधिकार की रक्षा के लिए अभियान को सफल बनाना जरूरी है। जिलाध्यक्ष ने जनपद के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचने की अपील की। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।

