Homeउत्तर प्रदेशवेद इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मना बाल दिवस, भव्य 'बाल मेले'...

वेद इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मना बाल दिवस, भव्य ‘बाल मेले’ का हुआ आयोजन

रिपोर्ट – एकरार खान

गाजीपुर। सैदपुर वेद इंटरनेशनल स्कूल में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती (बाल दिवस) का पावन पर्व अत्यंत उल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन विशेष प्रार्थना सभा के साथ हुआ, जिसमें विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। सर्वप्रथम विद्यालय के चेयरमैन अनिल कुमार श्रीवास्तव, प्रबंध निदेशक पंकज प्रकाश श्रीवास्तव, प्रधान निदेशिका ऋचा श्रीवास्तव एवं प्रधानाचार्य रितेश कुमार मिश्रा ने ज्ञान की देवी माँ सरस्वती तथा चाचा नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रार्थना सभा को संबोधित करते हुए प्रबंध निदेशक पंकज प्रकाश श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को पंडित नेहरू के जीवन आदर्शों, बच्चों के प्रति उनके अगाध स्नेह और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका से अवगत कराया। वहीं, प्रधानाचार्य रितेश कुमार मिश्रा ने सभी बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सदैव जिज्ञासु बने रहने, अनुशासन के साथ आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने की प्रेरणा दी।
उत्सव का मुख्य आकर्षण विद्यालय परिसर में आयोजित भव्य ‘बाल मेला’ रहा, जिसमें विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल लगाए गए थे। मेले में चाट, गोलगप्पे, दही बड़ा, छोले भटूरे, कॉटन कैंडी, नूडल्स, जलेबी, चूड़ा-मटर, पकौड़ी, पॉपकॉर्न व बेकरी आइटम्स जैसे स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ-साथ ग्लास पिरामिड, कॉइन इन ए बकेट, हांडी फोड़ प्रतियोगिता और डिज्नी वर्ल्ड जैसे मनोरंजक खेलों के स्टॉलों पर बच्चों की भारी भीड़ उमड़ी। नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर सीनियर कक्षाओं तक के छात्र-छात्राओं ने मेले का भरपूर आनंद उठाया। कार्यक्रम के बीच में कुछ समय के लिए सभी स्टालों को बारी -बारी से फ्री भी किया गया जिसका बच्चों ने भरपूर आनंद उठाया।
बाल मेले के दौरान आयोजित लकी ‘रैफल टिकट ड्रॉ’ बच्चों के बीच विशेष रोमांच का केंद्र रहा। लकी ड्रॉ के माध्यम से प्रथम से लेकर पंचम श्रेणी तक के भाग्यशाली विजेताओं को विद्यालय प्रबंधन द्वारा आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर विद्यालय के उपप्रधानाचार्य महेश शुक्ला, कोऑर्डिनेटर अपूर्वा सिन्हा व पूनम श्रीवास्तव सहित राज वर्मा, आलोक सिंह कुशवाहा, अभिषेक गुप्त, राजन गुप्ता, शैलेश श्रीवास्तव, दीपक श्रीवास्तव, नम्रता मिश्रा आदि शिक्षकगण एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे और मेले के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रबंध निदेशक पंकज प्रकाश श्रीवास्तव एवं प्रधान निदेशिका ऋचा श्रीवास्तव ने सफल आयोजन के लिए सभी की सराहना की और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments