रिपोर्ट – कबीर
मुज़फ्फरनगर,बुढ़ाना। मैपल्स ग्रुप ऑफ हायर एजुकेशन गर्ल्स कॉलेज में सोमवार को वन्य प्राणी सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यशाला और क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ‘बेटियों ने ली जिम्मेदारी, वन्यजीव संरक्षण में करेंगी भागीदारी’ स्लोगन के साथ छात्राओं को वन्यजीवों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
डॉ. राजीव कुमार ने छात्राओं को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता, प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा और मानव-वन्यजीव संघर्ष कम करने के उपायों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि वन्यजीव सप्ताह 2 से 8 अक्टूबर तक मनाया जाता है। वन्यजीवों का संरक्षण केवल जंगल और जानवरों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पर्यावरणीय संतुलन और मानव जीवन से भी सीधे जुड़ा है। जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक आवासों का विनाश और अवैध शिकार वन्यजीवों के सामने बड़ी चुनौतियां हैं।
कार्यशाला में छात्राओं को एसडीजी-15 यानी ‘भूमि पर जीवन’ के बारे में भी बताया गया। प्राकृतिक आवासों की रक्षा, जैव विविधता को बचाने, वनों के सतत प्रबंधन और मानव-प्रकृति के सह-अस्तित्व पर जोर दिया गया। छात्राओं को वन्यजीव संरक्षण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
क्विज प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। सफल प्रतिभागियों छवि, गरिमा, दिव्या, पायल, अनुष्का, नेहा, नीलू, स्वीटी, गौरी और आंचल को डॉ. राजीव कुमार ने उपहार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कॉलेज की प्राचार्य डॉ. मधु शर्मा और निदेशक डॉ. दिव्या जैन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
