रिपोर्ट – ओमप्रकाश
चित्रकूट। मिशन शक्ति फेज-6 के तहत चित्रकूट पुलिस परिवारों को टूटने से बचाने और दांपत्य जीवन में खुशहाली लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। परिवार परामर्श केंद्र एवं जनपद के सभी मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से वर्ष 2024 से अब तक 1,398 दंपतियों के पारिवारिक विवादों का आपसी बातचीत और सुलह-समझौते के जरिए सफल निस्तारण कराया गया है।
इसी क्रम में 16 अक्टूबर 2026 को पुलिस कार्यालय स्थित राघव प्रेक्षागार में पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक पीयूष कान्त राय एवं क्षेत्राधिकारी लाइन्स राजकमल की उपस्थिति में सुलह-समझौते के बाद दोबारा साथ रह रहे दंपतियों को माला पहनाकर सम्मानित किया।
परिवार परामर्श केंद्र की टीम दोनों पक्षों की समस्याएं सुनकर आपसी संवाद, समझदारी और सामंजस्य के माध्यम से विवादों को सुलझाने का प्रयास करती है। पुलिस अधीक्षक ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का आपसी सहमति से समाधान कर परिवारों को बिखरने से बचाना है।
चित्रकूट पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पारिवारिक विवाद होने पर आपसी बातचीत को प्राथमिकता दें और समस्या का समाधान न होने पर परिवार परामर्श केंद्र की सहायता लें। इस पहल से समाज में पारिवारिक एकता, आपसी विश्वास और सौहार्द का सकारात्मक संदेश दिया जा रहा है।
