Homeउत्तर प्रदेशबाराबंकी में टाटा फीगो कार पूरी तरह जलकर खाक, ड्राइविंग सीट पर...

बाराबंकी में टाटा फीगो कार पूरी तरह जलकर खाक, ड्राइविंग सीट पर युवक हुआ राख

रिपोर्ट – संदीप वर्मा 

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में सफदरगंज थाना क्षेत्र के सैदनपुर-जमालपुर मार्ग पर बाती देर रात कार में आग लगने से कार चालक प्रदीप कुमार (45) की मौत हो गई। हमीदनगर प्राथमिक विद्यालय के पास हुए हादसे में टाटा फीगो कार पूरी तरह जल गई। प्रदीप लखनऊ एयरपोर्ट से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह घटना हो गई।

सुबह जली कार में राख मिला शव…
हादसे की जानकारी शनिवार सुबह हुई, जब सैदनपुर के पूर्व प्रधान राजेश वर्मा टहलने निकले। उन्होंने सड़क किनारे जली हुई कार देखी, जिसके अंदर प्रदीप का शव पड़ा था। इसके बाद उन्होंने यूपी-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सफदरगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। कार में आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

रात आठ बजे हुई थी बेटे से बात…
प्रदीप सफदरगंज थाना क्षेत्र के नोहरिक पुरवा निवासी राम वर्मा के बेटे थे। प्रदीप के बड़े बेटे शिवकेश ने बताया कि बीती रात करीब आठ बजे पिता से फोन पर बात हुई थी। उन्होंने बताया था कि रात दो से तीन बजे के बीच में घर पहुंच जाएंगे। घर पर लोग उनके आने का इंतजार कर रहे थे। इसके बाद परिवार को उनके साथ हुए हादसे की खबर मिली।

चार महीने पहले खरीदी थी कार…
परिवार के मुताबिक, प्रदीप करीब चार महीने पहले ही कार खरीदकर लाए थे। वह इस गाड़ी को टैक्सी के रूप में चलाते थे। कार का रजिस्ट्रेशन उनकी पत्नी राधापति के नाम पर था। परिवार में प्रदीप के दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी की शादी हो चुकी है। घटना की जानकारी पाकर परिवार व रिश्तेदार सदमे में है। एक नए कारोबार से जीविका की आस बंधी थी ऐसे में अब तो कमाने वाला बेटा ही चला गया।

आग लगने का कारण खोज रही पुलिस…
पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। रात करीब एक बजे हुई इस घटना में कार इतनी बुरी तरह जल गई कि वह पूरी तरह राख हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव के नाम पर प्रदीप के शरीर की हड्डियां हीं बचीं थीं। हालांकि ग्रामीणों ने बताया कि रात डेढ़ बजे आग की तेज रोशनी दिखाई दे रही थी और टायर फटने की आवाज भी आई थी लेकिन ये अंदाजा नहीं था कि ऐसी वीभत्स घटना हो जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments