Homeउत्तर प्रदेशबाराबंकी के प्रभारी मंत्री सुरेश राही ने के.डी. सिंह 'बाबू' स्मृति संग्रहालय...

बाराबंकी के प्रभारी मंत्री सुरेश राही ने के.डी. सिंह ‘बाबू’ स्मृति संग्रहालय एवं ट्रांजिट हॉस्टल निर्माण कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण

रिपोर्ट – संदीप वर्मा 

बाराबंकी। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के राज्य मंत्री (कारागार) सुरेश राही अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निरीक्षण भवन पहुंचे, जहां जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया। इसके उपरांत प्रभारी मंत्री ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी पद्मश्री के.डी. सिंह ‘बाबू’ के पैतृक आवास पर विकसित किए जा रहे स्मृति संग्रहालय तथा जनपद बाराबंकी के राज्य कर कार्यालय परिसर में निर्माणाधीन अधिकारियों के ट्रांजिट हॉस्टल का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया।

के.डी. सिंह ‘बाबू’ स्मृति संग्रहालय का 80 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण

प्रभारी मंत्री ने स्मृति संग्रहालय के निर्माण कार्यों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से परियोजना की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। अवगत कराया गया कि संग्रहालय का 80 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि शेष कार्यों को तेजी से एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण कराया जाए, जिससे संग्रहालय को शीघ्र संचालित किया जा सके। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश में खेल एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ खेल जगत की महान विभूतियों की स्मृतियों को संरक्षित करने की दिशा में भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पद्मश्री के.डी. सिंह ‘बाबू’ की स्मृतियों को समर्पित यह संग्रहालय जनपद की गौरवशाली खेल विरासत को संरक्षित करने के साथ ही आने वाली पीढ़ियों को खेलों के प्रति प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। उन्होंने संग्रहालय को आकर्षक एवं उपयोगी स्वरूप प्रदान करते हुए इसके शेष कार्यों को प्राथमिकता पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

ट्रांजिट हॉस्टल के शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश

इसके उपरांत प्रभारी मंत्री ने राज्य कर कार्यालय परिसर में अधिकारियों के लिए निर्माणाधीन ट्रांजिट हॉस्टल का निरीक्षण किया। इस दौरान परियोजना की लागत, निर्माण की स्थिति एवं प्रस्तावित सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अवगत कराया गया कि लगभग 695.52 लाख रुपये की स्वीकृत लागत से निर्मित हो रहे इस ट्रांजिट हॉस्टल में भूतल सहित कुल चार तल (जी+3) तथा 12 कक्षों की व्यवस्था की गई है। परियोजना के अंतर्गत ग्राउंड फ्लोर, प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय तल के निर्माण के साथ रेनोवेशन, वाटर सप्लाई, ट्यूबवेल, सेप्टिक एवं सोकपिट टैंक, फायर फाइटिंग, इंटरलॉकिंग, लिफ्ट, डीजी सेट, फर्नीचर, एयर कंडीशनिंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के कार्य सम्मिलित हैं।

प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि परियोजना के शेष कार्यों, विशेषकर बाहरी रंगाई-पुताई एवं परिसर के सौंदर्यीकरण आदि को शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि भवन को सभी आवश्यक सुविधाओं के साथ उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करते हुए संबंधित अधिकारी नियमित रूप से प्रगति की निगरानी करें।

निरीक्षण के दौरान एमएलसी अंगद सिंह, मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा, जॉइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी मोहम्मद आफताब आलम सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments