रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को चरथावल विधानसभा क्षेत्र में नुक्कड़ नाटकों के जरिए लोगों को सरकारी और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से कलाकारों की टोली ने अलग-अलग स्थानों पर नाटक और मंचन के माध्यम से जनहितकारी योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों से आमजन को अवगत कराया।
जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरि उपाध्याय ने बताया कि कलाकार अनुज त्यागी के नेतृत्व और संयोजक मनीष गर्ग की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किए गए। विकासखंड चरथावल के साथ चरथावल मार्ग स्थित पेट्रोल पंप तथा प्राथमिक चिकित्सालय और पशु चिकित्सालय के सामने कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए।
कलाकारों ने नाटकीय प्रस्तुति के माध्यम से सरकार की ओर से संचालित विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं, जनहित में किए गए कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी सरल तरीके से लोगों तक पहुंचाई। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग जुटे और कलाकारों की प्रस्तुति के माध्यम से योजनाओं की जानकारी ली। उपस्थित लोगों ने नुक्कड़ नाटक और कार्यक्रम की सराहना की।
