Homeअंतर्राष्ट्रीयजापान में एशियाई खेलों में कबड्डी का स्वर्ण जीतकर मुजफ्फरनगर का नाम...

जापान में एशियाई खेलों में कबड्डी का स्वर्ण जीतकर मुजफ्फरनगर का नाम रोशन किया, बसेड़ा पहुंचकर जिला प्रशासन ने किया सम्मान

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जापान में आयोजित 20वें एशियाई खेल में कबड्डी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर मुजफ्फरनगर के बसेड़ा गांव के अर्जुन देशवाल ने अंतरराष्ट्रीय पटल पर जिले का नाम रोशन कर दिया। उनकी इस बड़ी उपलब्धि पर जिला प्रशासन और खेल विभाग ने गांव पहुंचकर खिलाड़ी को सम्मानित किया। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव ने अर्जुन के पैतृक आवास पर पहुंचकर उन्हें पटका और फूलमाला पहनाई। सम्मान प्रतीक भेंट करने के साथ मिठाई खिलाकर उनकी स्वर्णिम उपलब्धि की खुशी साझा की गई।

बसेड़ा से अंतरराष्ट्रीय मंच तक चमका नाम

अर्जुन देशवाल ने अपनी मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा के दम पर कबड्डी की दुनिया में अलग पहचान बनाई है। प्रो-कबड्डी लीग से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक उनके शानदार प्रदर्शन ने उन्हें जिले के प्रमुख खिलाड़ियों में पहचान दिलाई। जापान में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतना उनकी उपलब्धियों में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है।

युवाओं के लिए बने प्रेरणा

सम्मान के दौरान प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव ने अर्जुन देशवाल को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता जनपद के लिए गर्व का विषय है। अर्जुन ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से युवाओं के सामने मिसाल कायम की है। उनकी उपलब्धि जिले के उभरते खिलाड़ियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

अर्जुन की जीत पर गांव में खुशी

अर्जुन की स्वर्णिम सफलता से उनके पैतृक गांव बसेड़ा सहित पूरे जनपद में खुशी का माहौल है। जिला खेल विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अर्जुन को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वह आगे भी देश के लिए पदक जीतकर मुजफ्फरनगर का नाम रोशन करते रहेंगे।

सम्मान समारोह में उप अधिकारी पूनम विश्नोई, राकेश कुमार, प्रदीप कुमार, संजीव कुमार, मनीष शर्मा सहित जिला खेल कार्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments