रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। जनगणना-2027 को लेकर जिले में जागरूकता अभियान की शुरुआत हो गई है। सोमवार को जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर से जनगणना प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन जनपद स्तर के साथ तहसीलों और विकासखंडों में पहुंचकर लोगों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करेंगे।
इस दौरान जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे स्व-गणना में उत्साहपूर्वक भाग लें और इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश के भविष्य की योजनाओं और विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना
जनगणना अभियान के तहत 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना की जाएगी। प्रशासन की ओर से प्रचार वाहनों के माध्यम से लोगों तक अभियान की जानकारी पहुंचाई जाएगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने जनगणना-2027 के प्रचार अभियान के तहत सेल्फी भी ली। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने भी सेल्फी लेकर अभियान में सहभागिता की।

