सिकंदरपुर और पीरनगर घाट का किया निरीक्षण, सीसीटीवी, बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम और गोताखोरों की तैनाती पर विशेष जोर
रिपोर्ट – एकरार खान
गाजीपुर। छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने जनपद के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सुरक्षा और सुविधाओं में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी सबसे पहले सिकंदरपुर घाट पहुंचे। यहां उन्होंने घाटों की स्थिति, आवागमन के रास्तों और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर स्पष्ट दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने घाटों पर सीसीटीवी कैमरे, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, बैरिकेडिंग तथा विद्युत पोलों को सुरक्षित तरीके से कवर कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रत्येक घाट पर प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती, लाइफ जैकेट और पर्याप्त संख्या में नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों के साथ नाव से भी घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा इंतजामों और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न पहलुओं को परखा गया।
इसके बाद अधिकारियों ने पीरनगर घाट का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था और श्रद्धा का महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे में व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की कठिनाई नहीं होनी चाहिए। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के इस निरीक्षण से स्पष्ट है कि छठ महापर्व को लेकर प्रशासन सुरक्षा और व्यवस्था के मोर्चे पर पूरी तरह सतर्क है। अब देखना होगा कि अधिकारियों के निर्देश धरातल पर कितनी तेजी से अमल में लाए जाते हैं।

