Homeउत्तर प्रदेशखालापार थाने पहुंचे एसपी सिटी, पुराने अपराधियों को दिलाई अपराध से तौबा...

खालापार थाने पहुंचे एसपी सिटी, पुराने अपराधियों को दिलाई अपराध से तौबा करने की शपथ

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। अपराधियों पर शिकंजा कसने और अपराध की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस ने ऑपरेशन चक्रवात के तहत सख्ती बढ़ा दी है। गुरुवार को एसपी सिटी अमृत जैन थाना प्रभारी विजय कुमार के साथ खालापार थाने पहुंचे। यहां पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे लोगों को दोबारा अपराध न करने की सख्त हिदायत दी गई। एसपी सिटी ने उन्हें अपराध का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने और अच्छा नागरिक बनने की शपथ दिलाई।

एसपी सिटी के नेतृत्व में नगर जोन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुराने अपराधियों को थानों पर बुलाकर उनका सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस उनकी वर्तमान गतिविधियों और अन्य जरूरी जानकारियां जुटाकर डोजियर तैयार कर रही है। साथ ही व्यवस्थित डाटाबेस बनाकर उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।

अपराध की राह छोड़ने की नसीहत

खालापार थाने में संवाद के दौरान एसपी सिटी अमृत जैन ने कहा कि अपराध का रास्ता व्यक्ति के साथ उसके परिवार का भविष्य भी प्रभावित करता है। उन्होंने पुरानी गलतियों से सबक लेकर कानून का पालन करने और सम्मानजनक जीवन जीने की अपील की। साथ ही नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा रोजगार, परिवार की जिम्मेदारियों तथा समाज के हित में लगाने की हिदायत दी।

पुराने मुकदमों की पैरवी में नया अपराध न करें

एसपी सिटी ने स्पष्ट किया कि पुराने मुकदमों में पैरवी या किसी कानूनी प्रक्रिया के दौरान कोई नया अपराध न किया जाए। किसी भी विवाद या समस्या का समाधान कानून के दायरे में रहकर करने और न्यायालय की प्रक्रिया का पालन करने को कहा। उन्होंने चेताया कि कानून हाथ में लेने या गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होने से बचें।

इस दौरान थाना प्रभारी विजय कुमार की मौजूदगी में लोगों को अपराध से दूर रहने, नशे का सेवन न करने, कानून का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने की शपथ दिलाई गई। पुलिस का उद्देश्य अपराध की पुनरावृत्ति रोकने के साथ आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत करना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments