रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए एसएसपी सूरज कुमार राय ने पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ अपराध नियंत्रण की पाक्षिक समीक्षा बैठक की। रिजर्व पुलिस लाइन के सभागार में आयोजित बैठक में अपराधों की स्थिति से लेकर लंबित विवेचनाओं, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और जनशिकायतों के निस्तारण तक की बिंदुवार समीक्षा की गई। एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गुरुवार को आयोजित बैठक में एसएसपी सूरज कुमार राय ने डकैती, लूट, हत्या, बलवा, गृहभेदन, वाहन चोरी, झपटमारी, अपहरण, दहेज हत्या और दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों के आंकड़ों की पिछले वर्ष की समान अवधि से तुलना करते हुए समीक्षा की। इसके साथ ही शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस, जुआ, आबकारी और गुंडा अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई का भी ब्योरा लिया।
एसएसपी ने लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए अनावरण से शेष अभियोगों का जल्द खुलासा करने और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। गौकशी और गोवंश तस्करी के मामलों में भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम और पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की प्रगति पर भी चर्चा हुई। अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों की कुर्की और जब्ती की कार्रवाई की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अपराधियों पर कानूनी शिकंजा कसने के निर्देश दिए गए।
तकनीक और जनशिकायतों पर भी मांगा जवाब
एसएसपी ने पुलिसिंग से जुड़े ई-साक्ष्य, ई-समन और यक्ष ऐप पर बीट संबंधी सूचनाओं की फीडिंग की स्थिति जांची। आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों, शिकायतकर्ताओं से संपर्क और उनके निस्तारण से मिलने वाली संतुष्टि की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा जनसुनवाई, पासपोर्ट सत्यापन और सीएम-दर्पण डैशबोर्ड 2.0 पर जिले की रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए।
त्योहारों पर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश
आगामी त्योहारों को देखते हुए एसएसपी ने संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने, नियमित पैदल गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। बैठक में एसपी सिटी अमृत जैन, एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक, एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ, सीओ नई मंडी राजू कुमार साव, सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह, सीओ जानसठ ऋषिका सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार सहित सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।

