Homeउत्तर प्रदेश22 नवंबर को मुजफ्फरनगर में बजेगा हवाई हमले का सायरन, दो मिनट...

22 नवंबर को मुजफ्फरनगर में बजेगा हवाई हमले का सायरन, दो मिनट रहेगा ब्लैकआउट

पुलिस लाइन में होगी दूसरी मॉकड्रिल, आग बुझाने से लेकर मलबे में दबे लोगों को निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने तक का होगा अभ्यास

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन 22 नवंबर को जनपद में दूसरी मॉक एक्सरसाइज करने जा रहा है। शाम छह बजे सायरन बजते ही हवाई हमले की चेतावनी जारी होगी और निर्धारित स्थलों पर दो मिनट का ब्लैकआउट किया जाएगा। इस दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने से लेकर राहत एवं बचाव कार्यों तक का पूरा पूर्वाभ्यास होगा। मॉकड्रिल पुलिस लाइन परिसर में आयोजित की जाएगी।

मॉकड्रिल की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत सभागार में बैठक हुई। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा नागरिक सुरक्षा के नोडल अधिकारी गंभीर सिंह ने सभी विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपते हुए आपसी समन्वय के साथ अभ्यास को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभ्यास का मकसद आपात स्थिति में सरकारी मशीनरी की तत्परता और राहत-बचाव की तैयारियों को परखना है।

सायरन बजते ही होगा ब्लैकआउट

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक शाम छह बजे दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में चेतावनी सायरन बजेगा। इसके साथ ही निर्धारित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट कराया जाएगा। लोगों को सुरक्षित स्थानों और शेल्टरों में पहुंचने का अभ्यास कराया जाएगा। इसके बाद खतरा टलने की सूचना देने के लिए दो मिनट तक लगातार ऊंची आवाज में ऑल क्लियर सायरन बजाया जाएगा।

आग बुझाने और मलबे से लोगों को निकालने का अभ्यास

ऑल क्लियर सायरन के बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू होगा। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक अग्निशमन उपकरणों से छोटी आग बुझाने का अभ्यास करेंगे, जबकि बड़ी आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन विभाग की टीम फायर टेंडर के साथ मोर्चा संभालेगी। क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और घायलों को प्राथमिक उपचार देने का प्रदर्शन भी किया जाएगा। गंभीर घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का भी पूर्वाभ्यास होगा।

कई विभागों की टीमें रहेंगी तैनात

मॉकड्रिल में पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, विद्युत, आपूर्ति, होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, एनएसएस और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें शामिल होंगी। प्रशासन का जोर इस बात पर है कि किसी भी आपात स्थिति में सभी विभाग बिना देरी के एक-दूसरे के साथ समन्वय बनाकर राहत कार्य शुरू कर सकें।

बैठक में एसपी सिटी अमृत जैन, बिजली विभाग के एक्सईएन सागरमल, सीवीओ डॉ. जितेंद्र गुप्ता, खंड विकास अधिकारी ओमकार सिंह, अरविंद त्यागी, जल निगम के जेई शमीम अहमद, बेसिक शिक्षा विभाग के अमरेश, नगरपालिका के एई नेपाल सिंह, डीपीओ सुशील कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ. महक सिंह, पीडब्ल्यूडी के एई डीके तोमर, एडीपीआरओ धर्मेंद्र कुमार, विकास सिंह, सीएफओ अनुराग कुमार, नागरिक सुरक्षा सहायक नासिर हुसैन और कंप्यूटर ऑपरेटर प्रवेश कुमार मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments