Homeराष्ट्रीयस्कूल चलो अभियान का शुभारम्भ कर नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं को वितरित की...

स्कूल चलो अभियान का शुभारम्भ कर नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं को वितरित की निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें

रिपोर्ट – हरीश

हमीरपुर। कलेक्ट्रेट स्थित डा. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार से जिला पंचायत अध्यक्ष जयन्ती राजपूत की उपस्थिति में जिलाधिकारी घनश्याम मीना द्वारा परिषदीय विद्यालयों में स्कूल चलो अभियान का शुभारम्भ किया गया। साथ ही नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गयीं।


इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि शिक्षा के प्रति जनजागरूकता हेतु यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। हर बच्चे को शिक्षा मिले, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होने कहा कि आज से नवीन शिक्षा सत्र का शुभारम्भ हुआ है। एक भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसलिए यह आवश्यक है कि शत प्रतिशत बच्चों का नामांकन कराया जाए। उन्होने शिक्षकों से अपील करते हुए कहा कि हर घर तक पहुॅच बनाई जाए ताकि एक भी बच्चा न छूटे। उन्होने जानकारी दी कि ड्रेस, बैग, जूते, मोजे आदि हेतु 1200 रूपये प्रति बच्चा दिया जा रहा है तथा प्रत्येक बच्चे को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध करायी जा रही हैं। बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु प्रत्येक परिषदीय विद्यालय में मिड-डे मिल के तहत गुणवत्तापूर्ण भोजन, खेल के मैदान, झूले, फर्नीचर, वाटर कूलर व आरओ आदि की व्यवस्था की गयी है। परिषदीय बच्चों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के लिए 80 प्रतिशत से अधिक विद्यालयों में स्मार्ट कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। जनपद के 200 से अधिक विद्यालयों में कॉनवेन्ट स्कूलों की तरह बेहतर शिक्षा देने का प्रयास किया जा रहा है। कायाकल्प के तहत प्रत्येक विद्यालय को सभी 19 पैरामीटरों से संतृप्त किया गया है। जनपद में शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा जो प्रयास किया गया है उसकी सरकार द्वारा सराहना भी व्यक्त की गयी। उन्होने जनपद के सभी शिक्षकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा अपने दायित्वों का निर्वाहन किया गया है, अब आप सभी का दायित्व है कि बच्चों को अच्छी से अच्छी शिक्षा प्रदान करें। शिक्षक और बच्चे का बहुत गहरा संबंध होता है। उन्होने कहा कि सभी बच्चों में असीम क्षमताएं होती हैं बस उन्हें निखारने की जरूरत है। बच्चे देश के भावी भविष्य हैं, इसको निखारने का कार्यदायित्व हम सबका है।
इस मौके पर नगर पालिका के चेयरमैन कुलदीप निषाद, सांसद प्रतिनिधि अशोक तिवारी, सीडीओ अरूण कुमार सिंह, बीएसए आलोक कुमार, जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार, भाजपा नेता गणेश यादव सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी व शिक्षक आदि मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments