Homeराष्ट्रीयसीबीएसई से जुड़कर नई उड़ान भरेगा लाला जगदीश प्रसाद विद्या मंदिर, आधुनिक...

सीबीएसई से जुड़कर नई उड़ान भरेगा लाला जगदीश प्रसाद विद्या मंदिर, आधुनिक सुविधाओं से छात्रों को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जानसठ रोड स्थित शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान लाला जगदीश प्रसाद विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा और अहम फैसला लेते हुए अब सीबीएसई बोर्ड से जुड़ने का ऐलान किया है। बदलते शैक्षिक परिवेश और अभिभावकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, जिससे अब विद्यालय नई दिशा में आगे बढ़ेगा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अखिलेश कुमार शर्मा ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि अब तक स्कूल हिंदी माध्यम में संचालित हो रहा था, लेकिन वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में छात्रों को बेहतर अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से इसे सीबीएसई पैटर्न में परिवर्तित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव छात्रों के उज्जवल भविष्य और आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित होगा।
प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय में छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं पहले से ही उपलब्ध हैं। जनपद में यह इकलौता स्कूल है जहां 10 मीटर रेंज शूटिंग की विशेष सुविधा दी जा रही है, जिसमें छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है।
इसके अलावा विद्यालय में स्थापित आधुनिक रोबोटिक लैब छात्रों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ रही है, जहां बच्चे रोबोट निर्माण की बारीकियां सीख रहे हैं। वहीं लैंग्वेज लैब के माध्यम से फ्रेंच और अंग्रेजी भाषा का प्रशिक्षण देकर छात्रों को वैश्विक स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार किया जा रहा है। विज्ञान, गणित और सामाजिक विज्ञान की सुसज्जित प्रयोगशालाएं भी छात्रों को प्रायोगिक शिक्षा के जरिए मजबूत आधार प्रदान कर रही हैं।
डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक परिणाम तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें निखारना और एक सशक्त मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि सीबीएसई से जुड़ने के बाद विद्यालय न केवल शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा, बल्कि जिले के छात्रों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments