Homeराज्यबकरीद पर मेरठ रेंज हाई अलर्ट पर, 6 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी...

बकरीद पर मेरठ रेंज हाई अलर्ट पर, 6 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात

रिपोर्ट: सुदेश वर्मा | बागपत/मेरठ

आगामी ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए मेरठ रेंज पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। मेरठ परिक्षेत्र के मेरठ, बागपत, बुलंदशहर और हापुड़ जिलों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए छह हजार से अधिक पुलिसकर्मी और सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे।

पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं। वहीं ड्रोन कैमरों से निगरानी, पैदल गश्त और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।

508 ईदगाह और 957 मस्जिदों में होगी नमाज

मेरठ परिक्षेत्र कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार मेरठ रेंज के चार जिलों में कुल 508 ईदगाहों और 957 मस्जिदों में बकरीद की नमाज अदा की जाएगी।

जिलावार आंकड़ों के मुताबिक:

मेरठ में 173 ईदगाह और 515 मस्जिदें

बुलंदशहर में 183 ईदगाह और 186 मस्जिदें

बागपत में 68 ईदगाह और 205 मस्जिदें

हापुड़ में 84 ईदगाह और 51 मस्जिदें

इन सभी स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष प्लान तैयार किया गया है।

23 जोन और 79 सेक्टर में बांटा गया क्षेत्र

त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पूरे मेरठ रेंज को 23 जोन और 79 सेक्टर में विभाजित किया गया है। इसके अलावा 49 क्विक रिस्पांस टीम (QRT) भी गठित की गई हैं, जो किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करेंगी।

सुरक्षा व्यवस्था में 08 अपर पुलिस अधीक्षक, 25 क्षेत्राधिकारी, 95 निरीक्षक, 1045 उपनिरीक्षक, 1395 मुख्य आरक्षी, 2035 आरक्षी और 1005 होमगार्ड व पीआरडी जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही दो कंपनी पीएसी भी तैनात की गई हैं।

91 स्थान संवेदनशील घोषित

पुलिस प्रशासन ने पूरे परिक्षेत्र में 91 स्थानों को संवेदनशील और हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित किया है। इन इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और लगातार निगरानी की जाएगी।

संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों की मदद से नजर रखी जाएगी। इसके अलावा पुलिस अधिकारियों को लगातार पैदल गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या तनाव की स्थिति को तुरंत नियंत्रित किया जा सके।

सोशल मीडिया पर भी रहेगी पैनी नजर

बकरीद के दौरान सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स और व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म पर भड़काऊ, भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। साइबर टीम को लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।

बकरा मंडियों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था

पुलिस प्रशासन ने बकरा मंडियों और पशु पैठ क्षेत्रों में भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों में लूट और छिनैती जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रत्येक मंडी में पिकेट और निगरानी व्यवस्था लागू की जाएगी।

इसके अलावा प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी और खुले स्थानों पर कुर्बानी रोकने के लिए भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।

डीआईजी ने दिए सख्त निर्देश

मेरठ रेंज के डीआईजी Kalanidhi Naithani ने सभी जनपद प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी नई परंपरा की अनुमति न दी जाए और त्योहार से पहले सभी विवादों का समय रहते समाधान कर लिया जाए।

उन्होंने थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों की जवाबदेही भी तय करने के निर्देश दिए हैं।

डीआईजी ने कहा कि त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।

पीस कमेटियों के साथ हुई बैठकें

पुलिस प्रशासन द्वारा अब तक पीस कमेटी, धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों के साथ 125 बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। इसके अलावा नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग और आयोजकों के साथ 112 गोष्ठियां कर समन्वय स्थापित किया गया है।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्थानीय मजिस्ट्रेट, शहर काजी, मुतवल्ली और धर्मगुरुओं के साथ लगातार संवाद बनाए रखें ताकि त्योहार पर किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

कंट्रोल रूम रहेंगे सक्रिय

पुलिस प्रशासन ने सभी कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को कहा गया है कि किसी भी सूचना पर तत्काल प्रतिक्रिया दी जाए और कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

मेरठ रेंज पुलिस का कहना है कि बकरीद पर्व को परंपरागत, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments