रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। तितावी थाना पुलिस ने मंगलवार दोपहर ट्रांसफार्मर कटिंग और बिजली उपकरण चोरी करने वाले सक्रिय गैंग पर एक और बड़ा प्रहार किया। कई जिलों में बिजली व्यवस्था को पंगु बनाकर किसानों व विभाग को भारी नुकसान पहुंचाने वाला 10 हजार का इनामी शातिर अलीशेर पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल होकर गिरफ्तार कर लिया गया। लगातार जारी कार्रवाई के बाद इस गैंग की कमर टूट चुकी है और पुलिस इसे बड़ी सफलता मान रही है।
बीते दिनों हुई मुठभेड़ में पुलिस पहले ही गैंग के छह सदस्यों को भारी मात्रा में चोरी किए गए कॉपर कॉइल, कटे ट्रांसफार्मर पार्ट्स, औजार और हथियारों के साथ पकड़ चुकी है। अलीशेर दो बार पुलिस के घेराबंदी से बच निकला था, लेकिन इस बार तितावी पुलिस की सख्त नज़र और तेज़ी से की गई कार्रवाई के आगे टिक नहीं सका।
मुकुन्दपुर झाल पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवार की हरकत से बढ़ा शक
मंगलवार दोपहर तितावी पुलिस मुकुन्दपुर झाल इलाके में संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। तभी एक काली मोटरसाइकिल तेज रफ्तार में आती दिखी। पुलिस ने रुकने का संकेत दिया, लेकिन बाइक सवार ने झटके से मोड़कर मांडी मार्ग की तरफ भागने की कोशिश की। पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हुई और उसका पीछा शुरू किया।
कुछ दूरी पर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर पड़ी। इसके बाद बदमाश सीधे गन्ने के खेतों में घुस गया और वहीं से पुलिस टीम पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
फायरिंग के दौरान घायल हुआ इनामी बदमाश, तमंचा और कारतूस बरामद
चेतावनी देने के बावजूद आरोपी अलीशेर ने फायरिंग जारी रखी। पुलिस टीम बाल-बाल बची और मजबूरी में आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। कुछ ही पलों में अलीशेर के पैर में गोली लगी और वह खेत में ही गिर पड़ा। पुलिस कर्मियों ने उसे दबोच लिया और जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।
उसके पास से एक तमंचा, एक खोखा व दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
चार दर्जन मुकदमों वाला शातिर, कई जनपदों में फैला नेटवर्क
अलीशेर मेरठ जिले का रहने वाला बताया गया है और ट्रांसफार्मर कटिंग, कॉपर कॉइल चोरी, बिजली उपकरणों में छेड़छाड़ और विभाग को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाने जैसे मामलों में कुख्यात है।
मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, हापुड़, गाजियाबाद और अन्य जिलों में चार दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। एंटी पावर थेफ्ट टीम और कई थाना क्षेत्रों की पुलिस लंबे समय से इसके पीछे लगी हुई थी।
पूछताछ में उसने बताया कि उसका गैंग रात के समय ट्यूबवेलों व सुनसान ग्रामीण इलाकों में लगाए गए ट्रांसफार्मरों को काटकर कॉपर कॉइल और अन्य मंहगे पार्ट्स चोरी करता था और उन्हें मोटी रकम में बेच देता था। तितावी पुलिस की हालिया कार्रवाई में उसके छह साथी पहले ही जेल जा चुके हैं।
इस मुठभेड़ और गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष पवन कुमार, उपनिरीक्षक अनुभव चौधरी, उपनिरीक्षक कामिल चौधरी, हेड कांस्टेबल अनीश खान, हेड कांस्टेबल लौकेन्द्र, कांस्टेबल नवीन और कांस्टेबल सचिन तेवतिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
