Homeराष्ट्रीयजैन कन्या पाठशाला कॉलेज में छात्राओं की समस्याओं को लेकर सपा छात्र...

जैन कन्या पाठशाला कॉलेज में छात्राओं की समस्याओं को लेकर सपा छात्र सभा जिलाध्यक्ष आयुष चौधरी का हंगामा

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। शहर के जैन कन्या पाठशाला डिग्री कॉलेज में छात्राओं की समस्याओं को लेकर शनिवार को समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष आयुष चौधरी ने कॉलेज पहुंचकर व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए। छात्राओं से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर छात्राओं से बातचीत की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
आयुष चौधरी ने बताया कि कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं को फीस और अन्य आवश्यक सूचनाएं कॉलेज प्रशासन की ओर से सीधे उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। आरोप है कि कॉलेज परिसर में अवैध रूप से संचालित एक कंप्यूटर सेंटर की दुकान के माध्यम से व्हाट्सएप पर फीस और अन्य जानकारियां दी जा रही हैं, जो नियमों के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि इसी दुकान संचालक द्वारा विश्वविद्यालय से फीस जमा करने संबंधी कोई आधिकारिक निर्देश न होने के बावजूद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर एक सप्ताह पहले ही फीस जमा कराने की अंतिम तिथि 14 मार्च बताई गई और छात्राओं से फीस जमा करा ली गई, जबकि विश्वविद्यालय की ओर से फीस जमा करने की कोई तिथि घोषित नहीं की गई थी।
छात्र नेता आयुष चौधरी का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन और उक्त दुकान संचालक की मिलीभगत से कॉलेज परिसर में मनमाने तरीके से नियम लागू किए जा रहे हैं, जिससे छात्राओं को अनावश्यक रूप से परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कॉलेज और विश्वविद्यालय के नियमों की अनदेखी कर इस तरह की व्यवस्था चलाना छात्राओं के हितों के साथ खिलवाड़ है।
आयुष चौधरी ने बताया कि इस मामले में जब कॉलेज प्रशासन को ज्ञापन देने की कोशिश की गई तो कॉलेज समय के दौरान भी प्रधानाचार्य मौके पर मौजूद नहीं मिले। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही छात्राओं की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो समाजवादी छात्र सभा छात्राओं के साथ मिलकर आंदोलन करने को मजबूर होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments