Homeराष्ट्रीयगैस एजेंसियों व पेट्रोल पंपों का निरीक्षण, जिले में एलपीजी-पेट्रोल की पर्याप्त...

गैस एजेंसियों व पेट्रोल पंपों का निरीक्षण, जिले में एलपीजी-पेट्रोल की पर्याप्त उपलब्धता: डीएसओ

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। जनपद में एलपीजी सिलेंडरों व पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार की कमी न हो, इसके लिए प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है। इसी क्रम में शनिवार को जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरि उपाध्याय ने नगर क्षेत्र स्थित गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया कि जिले में एलपीजी सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाह या घबराहट की स्थिति में न आएं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशों के अनुपालन में नगर स्थित दीपक गैस सर्विस (आईओसी) और सरवट इंडेन गैस सर्विस (आईओसी) के कार्यालय और गोदामों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान एजेंसियों पर मौजूद उपभोक्ताओं से भी बातचीत की गई और उन्हें बताया गया कि जिले में गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। उपभोक्ताओं से अपील की गई कि वे संयम बनाए रखें और वितरण प्रक्रिया में एजेंसी कर्मचारियों का सहयोग करें।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपनी ई-केवाईसी नहीं कराई है, वे जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी कर लें। गैस की बुकिंग केवल अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से ही करें, जबकि ऑयल कंपनियों के मोबाइल एप के माध्यम से भी घर बैठे ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि कभी-कभी तकनीकी कारणों से सर्वर पर अधिक लोड होने की वजह से समस्या आ जाती है, जिससे बुकिंग प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है, लेकिन यह अस्थायी स्थिति होती है।
जांच के दौरान आनंदपुरी स्थित मॉडन सर्विस स्टेशन (आईओसी) पेट्रोल पंप पर भी पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता का निरीक्षण किया गया, जहां पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध पाया गया। अधिकारियों के अनुसार जिले के अन्य पेट्रोल पंपों पर भी पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल और डीजल मौजूद है और आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है।
इसके साथ ही प्रशासन की टीम ने मेरठ रोड स्थित फूड एंड मूड होटल, देवेंद्र फास्ट फूड और रुड़की रोड पर पंडित जी शुद्ध भोजनालय सहित कुछ प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर जांच की। जांच में कहीं भी घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग नहीं पाया गया। मौके पर प्रतिष्ठान संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे किसी भी स्थिति में घरेलू गैस का उपयोग व्यवसायिक कार्यों में न करें।
भ्रमण के दौरान रास्ते में मिले गैस एजेंसियों के हॉकर्स से भी पूछताछ की गई और उन्हें आईडी कार्ड तथा सिलेंडर डिलीवरी से संबंधित आवश्यक उपकरण व अभिलेख साथ रखने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने जिले के सभी होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट और ठेला-खोमचा संचालकों को चेतावनी दी है कि यदि कहीं घरेलू गैस का अवैध उपयोग पाया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी ने आमजन को एक बार फिर आश्वस्त करते हुए कहा कि जनपद में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है और कालाबाजारी या अवैध गतिविधियों के खिलाफ निरंतर जांच और छापेमारी की कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिक किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और आवश्यकतानुसार ही गैस व ईंधन की बुकिंग करें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments