Homeराष्ट्रीयकांधला रोड पर मौत का कहर: तेज़ रफ्तार अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा...

कांधला रोड पर मौत का कहर: तेज़ रफ्तार अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा को रौंदा, 15 वर्षीय किशोरी की मौके पर मौत, मां घायल

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ़्फ़रनगर। बुढ़ाना थाना क्षेत्र में तेज़ रफ्तार का कहर एक मासूम ज़िंदगी को लील गया। कांधला रोड स्थित मेपल स्कूल के सामने सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी वाहन चालक टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया।
हादसे में जान गंवाने वाली किशोरी की पहचान बागेजहाँ उर्फ छोटी (15) पुत्री इक़बाल, निवासी गांव जौला के रूप में हुई है। बताया गया कि छोटी अपनी मां रुकसाना के साथ बुढ़ाना स्थित सागर नर्सिंग होम से दवाई लेकर ई-रिक्शा से अपने गांव लौट रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही ई-रिक्शा मेपल स्कूल से थोड़ा आगे बढ़ा, तभी पीछे से आए एक तेज़ रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे ज़ोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि किशोरी उछलकर सड़क पर जा गिरी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसकी मां घायल अवस्था में सड़क पर गिर पड़ीं।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों ने घायल महिला को संभालने का प्रयास किया। इसी बीच टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर बुढ़ाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। हालांकि, परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई या पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं।
किशोरी की मौत की खबर जैसे ही गांव जौला पहुंची, पूरे गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में कोहराम मचा हुआ है। एक पल की लापरवाही और तेज़ रफ्तार ने एक मासूम की ज़िंदगी छीन ली, जिससे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments