Homeराष्ट्रीयहाई टेंशन लाइन की चिंगारी से 30 बीघा गेहूं की फसल जलकर...

हाई टेंशन लाइन की चिंगारी से 30 बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक

रिपोर्ट – हरीश

हमीरपुर। सुमेरपुर क्षेत्र के ग्राम पचखुरा खुर्द में हाई टेंशन लाइन का फाल्ट ठीक करने के बाद टेस्टिंग के दौरान निकली चिंगारी से खेतों में खड़ी गेहूं की पकी फसल में आग लग गई। इसमें चार किसानों की 30 बीघा फसल जलकर खाक हो गई और आधा दर्जन किसान आग बुझाने में झुलस गए। घटना की सूचना पाकर पहुंची पीआरबी टीम ने फायर दस्ते के साथ मिलकर आग पर काबू पाया। गुस्साये किसानों ने पावर हाउस में प्रदर्शन करके लाइनमैन पर कार्रवाई करने तथा मुआवजा दिलाने की मांग की है।
शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे पारा पावर हाउस का लाइनमैन अपने दो साथियों के साथ हाई टेंशन लाइन में आए फाल्ट को ठीक करने गया था। फाल्ट ठीक करने के बाद जैसे ही उसने शटडाउन वापस लिया, वैसे ही हाई टेंशन लाइन से निकली चिंगारी गेहूं की फसल में आ गिरी और आग लग गई। आग लगते ही लाइनमैन साथियों संग भाग निकला। आग से पचखुरा खुर्द के किसान उमेश सिंह की 15 बीघा, जितेंद्र सिंह की 5 बीघा, योगेंद्र सिंह की पांच बीघा, लाखन सिंह की पांच बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक हो गयी। इस घटना में आग बुझाते समय सर्वेश सिंह, अमित सिंह, प्रदीप सिंह, छोटू यादव सहित आधा दर्जन किसान मामूली रूप से झुलस गए। खेतों में आग लगने की सूचना ग्राम प्रधान अनिल यादव ने पुलिस और फायर दस्ते को दी। सूचना पाकर पीआरबी की दो गाड़ियां फायर दस्ते के साथ मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।


घटना से आक्रोशित किसानों ने अपराह्न 3 बजे कस्बे के पावर हाउस में किसान बब्बू सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए उपखंड अधिकारी विद्युत को शिकायत सौंपकर लाइनमैन पर कार्रवाई करने तथा किसानों को क्षतिग्रस्त फसलों का मुआवजा दिलाने की मांग की है। उपखंड अधिकारी एमपी पाल ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन किसानों को दिया है। किसानों के अनुसार आग से करीब साढे छः लाख की फसल जलकर खाक हो गई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments