Homeराष्ट्रीयहथौड़े से वार: 12,600 रुपये के विवाद में कर्मचारी ने मालिक का...

हथौड़े से वार: 12,600 रुपये के विवाद में कर्मचारी ने मालिक का सिर फोड़ा

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में महज 12,600 रुपये के लेनदेन का विवाद खूनी झगड़े में बदल गया। आर्य समाज रोड स्थित एक दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी ने अपने ही मालिक पर हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग दहशत में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि कर्मचारी कुलदीप कश्यप ने आपा खो दिया और पास में रखा हथौड़ा उठाकर मालिक हरिओम के सिर पर हमला कर दिया। वार इतना जबरदस्त था कि हरिओम लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल को संभाला और जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, चोट गंभीर है लेकिन हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अवध विहार कॉलोनी निवासी आरोपी कुलदीप कश्यप अपने मालिक के यहां कार्यरत था और दोनों के बीच काफी समय से पैसों का विवाद चल रहा था। मंगलवार को इसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसने अचानक हिंसक रूप ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस हरकत में आ गई। डायल 112 के माध्यम से मिली सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित की गई और महज एक घंटे के भीतर आरोपी को दबोच लिया गया।
एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि विवाद की असल वजह सामने आ सके।
इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि छोटी-छोटी आर्थिक तनातनी किस तरह हिंसा का रूप ले रही है, जहां गुस्से पर काबू न रख पाने की कीमत किसी की जान पर बन आती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments