Homeराष्ट्रीयसेपरो बनकर करते थे रेकी, दिनदहाड़े मुठभेड़ में दबोचे गए चार —...

सेपरो बनकर करते थे रेकी, दिनदहाड़े मुठभेड़ में दबोचे गए चार — गिरोह का भंडाफोड़

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना थाना क्षेत्र में बीते 24 अक्टूबर की रात तीन घरों में हुई बड़ी चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने सोमवार को चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। चोरी की घटनाओं से आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ दिन पहले ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा से मुलाकात कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की थी। एसएसपी ने सात दिन के भीतर खुलासा करने का भरोसा दिया था, और आज पुलिस ने वादे के मुताबिक पूरे गिरोह को दबोच लिया।

गिरफ्तारी से पहले मंडावाड़ा रोड पर दिनदहाड़े पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हुई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम क्राउन पब्लिक स्कूल के पास ट्यूबवेल के नजदीक पहुंची, जहां चार युवक चोरी की योजना बना रहे थे। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और गन्ने के खेतों में घुसकर भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी मुनीत पुत्र राजेश घायल हो गया, जबकि पुलिस ने कॉम्बिंग कर तीनों अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपी — मुनीत, विनेश, चुटकी उर्फ़ छुटकी और रितिन — सभी भोपा, शाहपुर व रतनपुरी क्षेत्र के रहने वाले हैं। ये गिरोह दिन में ‘सेपरो’ बनकर भीख मांगने और सामान बेचने के बहाने गांवों में घूमकर घरों की रेकी करता था। रात होते ही मौका पाकर चोरी को अंजाम देते थे। कुरथल में इन्होंने सोती हुई महिला के कानों से कुंडल तक उतार लिए थे।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के सभी आभूषण, 1,06,000 रुपये नगद, एक अवैध तमंचा, कारतूस समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। बरामदगी की मात्रा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।

ग्रामीणों के भरोसे को बनाए रखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने मात्र सात दिन में 100 प्रतिशत बरामदगी करते हुए पूरे गिरोह को धर दबोचा। इसके सराहनीय काम पर एसएसपी द्वारा पूरी टीम को 20,000 रुपये का पुरस्कार दिया गया है।

मुठभेड़ और गिरफ्तारी करने वाली टीम — थाना प्रभारी सुभाष अत्री, उपनिरीक्षक रनवीर सिंह, संदीप कुमार, ललित कुमार, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, अमरदीप सिंह, नीरज त्यागी, सुनील कुमार, अनिल कुमार, संजय कुमार, निर्वेश कुमार तथा थाना शाहपुर के रोहताश और सिपाही अलीम शामिल रहे।

पूछताछ में गैंग ने कुरथल के अलावा काकड़ा, शाहपुर, भनैड़ा और रतनपुरी में भी चोरी की वारदातें करने की बात कबूल की है। पुलिस अब इन सभी घटनाओं की कड़ियों को खंगालकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय था और लोगों की दिनचर्या का अध्ययन कर चोरी को अंजाम देता था। समय रहते इनकी गिरफ्तारी से कई संभावित वारदातें भी टल गईं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments