Homeराष्ट्रीयरुड़की रोड पर बाइक चोरों का आतंक, CCTV में कैद वारदात —...

रुड़की रोड पर बाइक चोरों का आतंक, CCTV में कैद वारदात — पुलिस पहुंची तो झुग्गियों में मचा हंगामा

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। नगर कोतवाली क्षेत्र में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं ने अब आम लोगों की नींद उड़ा दी है। ताजा मामला रुड़की रोड का है, जहां देर रात घर के बाहर खड़ी एक मोटरसाइकिल को चोरों ने चंद मिनटों में पार कर दिया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिससे पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं।
बताया जा रहा है कि बीती रात दो संदिग्ध युवक चोरी की नीयत से इलाके में घूमते नजर आए। उन्होंने मौका पाते ही एक मकान के बाहर खड़ी बाइक को निशाना बनाया और कुछ ही देर में उसे लेकर फरार हो गए। सुबह जब बाइक मालिक बाहर निकला तो वाहन गायब देख उसके होश उड़ गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों युवक साफ तौर पर बाइक चोरी करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने संदिग्धों की पहचान के लिए पास की झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया।
हालांकि, पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान झुग्गी क्षेत्र में मौजूद महिलाओं ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला गरमा गया और महिलाओं ने पुलिस पर बेवजह परेशान करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। कुछ देर तक मौके पर तनाव का माहौल बना रहा।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि झुग्गियों में रहने वाले कुछ युवक लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस की ढीली कार्रवाई के चलते उनके हौसले बुलंद हैं। लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की वारदातों पर जल्द अंकुश लगाने की मांग की है।
रुड़की चुंगी पुलिस चौकी प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को ट्रेस कर लिया गया है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है और मामले की गहनता से जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments