Homeराष्ट्रीयमुठभेड़ में चढ़ा बस यात्रियों को निशाना बनाने वाला गैंग, दो बदमाश...

मुठभेड़ में चढ़ा बस यात्रियों को निशाना बनाने वाला गैंग, दो बदमाश गोली लगने से घायल, आठ गिरफ्तार

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जिले की मीरापुर थाना पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने रविवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए बसों में यात्रियों के बैग काटकर नगदी, जेवरात और सामान चोरी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से दो तमंचे, कारतूस और छह चाकू बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, देर रात थाना मीरापुर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुतुबपुर झाल के पास सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस के नजदीक खंडहर में कुछ बदमाश किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
बताया गया कि पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और जंगल की ओर भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हो गए, जिन्हें दबोच लिया गया। इसके बाद कांबिंग अभियान चलाकर छह अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल बदमाशों की पहचान मेरठ निवासी आरिफ और हापुड़ निवासी साजिद के रूप में हुई है। इनके अलावा बिजनौर, दिल्ली और मेरठ के रहने वाले छह अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने बताया कि गिरोह बसों में सवार होकर यात्रियों को निशाना बनाता था और जेब व बैग काटकर नगदी व कीमती सामान पार कर देता था। चोरी का माल बिजनौर के एक सुनार को बेचकर रकम आपस में बांट ली जाती थी।
पूछताछ में आरोपियों ने मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा और मेरठ समेत कई जिलों में वारदातें करना स्वीकार किया है। गिरोह के कुछ सदस्यों पर पहले से चोरी, लूट, गैंगस्टर और आयुध अधिनियम के कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने फरार सुनार राकेश वर्मा की तलाश तेज कर दी है। सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई को लेकर पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना की है। मीरापुर पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में सक्रिय शातिर गिरोह का बड़ा नेटवर्क उजागर हुआ है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments