Homeराष्ट्रीयमामूली रंजिश ने लिया खूनी मोड़, पिता-पुत्रों ने युवक को मारी गोली

मामूली रंजिश ने लिया खूनी मोड़, पिता-पुत्रों ने युवक को मारी गोली

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर/खतौली। थाना रतनपुरी क्षेत्र के गांव समौली में शनिवार को पुरानी रंजिश ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। खेत के विवाद को लेकर पिता-पुत्रों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि गांव में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी मदन और बबलू के खेत आमने-सामने हैं। दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। इसी रंजिश के चलते दोनों पक्षों में पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी है।
बताया गया कि शनिवार दोपहर खेत पर मदन के पुत्र रिंकू और बबलू के पुत्र संजीत के बीच कहासुनी हुई थी। उस समय ग्रामीणों ने मामला शांत करा दिया और दोनों पक्ष अपने-अपने घर लौट गए।
शाम को जब रिंकू अपने घर के बाहर ट्रॉली से भूसा उतार रहा था, तभी आरोप है कि बबलू अपने पुत्र संजीत और मोहित के साथ वहां पहुंच गया। तीनों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर एक आरोपी ने पीछे से रिंकू के सिर पर तमंचा सटाकर गोली मार दी।
गोली लगते ही रिंकू खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। आरोपी पिता-पुत्र जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
सूचना पर थाना रतनपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सरकारी अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात पर नजर रखी जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments