Homeराष्ट्रीयमामा के घर चोरी की साजिश बेनकाब, भांजी समेत दो शातिर चोर...

मामा के घर चोरी की साजिश बेनकाब, भांजी समेत दो शातिर चोर गिरफ्तार

नई मंडी पुलिस ने बरामद किए लाखों के सोने के जेवरात, आईफोन और अहम दस्तावेज

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ़्फ़रनगर। थाना नई मंडी पुलिस ने एक सनसनीखेज चोरी की वारदात का सफल अनावरण करते हुए मामा के घर चोरी की साजिश रचने वाली भांजी समेत दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किए गए पीली धातु के बहुमूल्य आभूषण, आधार कार्ड, पैन कार्ड, घड़ी, आईफोन और गेट का रिमोट बरामद किया है। यह कार्रवाई जनपद में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता मानी जा रही है।


पुलिस के अनुसार 12 दिसंबर 2025 को गांधी कॉलोनी निवासी विकास ढींगरा ने थाना नई मंडी में तहरीर देकर अज्ञात चोरों द्वारा घर से सोने के जेवरात और नकदी चोरी किए जाने की सूचना दी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया और तकनीकी व मुखबिर तंत्र के सहारे जांच तेज की गई।
जांच के दौरान सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने पचैण्डा रोड स्थित भगवती प्रॉपर्टी कमीशन एजेंट के कार्यालय के पास से दो अभियुक्तों को धर दबोचा। पूछताछ में अभियुक्तों की पहचान दानिश हसन निवासी सलारपुर जानसठ और मान्या मुखेजा निवासी गांधी कॉलोनी नई मंडी के रूप में हुई। चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि मान्या मुखेजा ने ही अपने सगे मामा के घर चोरी की पूरी रेकी कर अभियुक्त दानिश को अंदर की हर जानकारी उपलब्ध कराई थी।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त दानिश ने बताया कि मर्चेंट नेवी की नौकरी छूटने और आर्थिक तंगी के चलते उसने चोरी का रास्ता अपनाया। वहीं मान्या मुखेजा कॉलेज की पढ़ाई के दौरान बैक आने और कर्ज के दबाव में थी। दोनों ने दीपावली के आसपास चोरी की योजना बनाई। योजना के तहत मान्या अपने मामा के घर आई, जेवरात की जगहें चिन्हित कीं और घर के गेट का रिमोट दानिश को सौंप दिया।
अभियुक्त ने बताया कि 11 दिसंबर को जब परिवार शादी समारोह में गया हुआ था, तब उसने रिमोट से गेट खोलकर घर में प्रवेश किया। चोरी के दौरान वह लगातार फोन पर मान्या के संपर्क में रहा, जो उसे जेवरात की लोकेशन बताती रही। इसी दौरान घर में मौजूद नाबालिग वंश के आ जाने पर अभियुक्त ने मिर्ची स्प्रे का इस्तेमाल कर उसे धक्का दिया और मौके से फरार हो गया। चोरी किए गए सोने में से कुछ आभूषण बेचकर मोबाइल फोन, घड़ी खरीदी गई और कर्ज चुकाया गया।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से छह अंगूठियां, तीन सोने की चेन, दो कड़े, दो जोड़ी टॉप्स, आधार व पैन कार्ड, आईफोन, गेट का वायरलेस रिमोट और करीब 22 हजार रुपये की घड़ी बरामद की है। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा और आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत होगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments