रिपोर्ट – ललित मोहन कौशिक

बिजनौर। थाना नगीना पुलिस ने देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो शातिर हिस्ट्रीशीटर गौकशों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में गौमांस, पशु वध के उपकरण, अवैध हथियार और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 05 अप्रैल 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ गौकश तुक्मापुर के जंगल क्षेत्र में गोकशी की घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
पुलिस को देखते ही भागने लगे आरोपी
मौके पर एक संदिग्ध मारुति कार और आगे चल रही मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही बाइक सवार आरोपी भागने लगा, लेकिन बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और पीछे आ रही कार उसके पैर पर चढ़ गई, जिससे वह घायल हो गया।
इसी दौरान कार सवार आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई।
दोनों हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
पुलिस ने घायल अवस्था में दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान वाहिद उर्फ टल्ली और
अल्ताफ निवासी मोहल्ला कलालान, कस्बा नगीना, के रूप में हुई है। घायल आरोपियों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
बरामदगी ने खोले राज
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से— करीब 55 किलो गौमांस व अवशेष एक मारुति कार (D L 2 C L 43 36), एक मोटरसाइकिल UP 20- C R 30 91, एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक खोखा व दो जिंदा कारतूस, गोकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।
इस मामले में थाना नगीना पर मुकदमा संख्या 89/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109(1), गौवंश निवारण अधिनियम की धाराएं 3/5/8 तथा आर्म्स एक्ट की धाराएं 3/25/27 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि वे जंगलों से घुमंतू गौवंशीय पशुओं को पकड़कर उनका वध करते थे और मांस बेचते थे। घटना वाली रात भी उन्होंने एक गाय को पकड़कर तुक्मापुर के जंगल में वध किया था।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी थाना नगीना के हिस्ट्रीशीटर हैं और इनमें से वाहिद उर्फ टल्ली पहले भी कई गौकशी की घटनाओं में शामिल रह चुका है।
नगीना पुलिस की इस कार्रवाई से गौकशी में लिप्त अपराधियों पर बड़ा शिकंजा कसा है। इलाके में सक्रिय इस गैंग के पकड़े जाने से अवैध गतिविधियों पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

