Homeराष्ट्रीयजनगणना–2027 की तैयारियां तेज, फील्ड ट्रेनरों को दिया जा रहा तीन दिवसीय...

जनगणना–2027 की तैयारियां तेज, फील्ड ट्रेनरों को दिया जा रहा तीन दिवसीय प्रशिक्षण

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। आगामी जनगणना–2027 को लेकर जनपद में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में भोपा रोड स्थित एसडी पब्लिक स्कूल में फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। गुरुवार को प्रशिक्षण के दूसरे दिन अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेन्द्र कुमार ने प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं और प्रशिक्षण की प्रगति का निरीक्षण किया तथा प्रतिभागियों को जनगणना कार्य की महत्ता से अवगत कराया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला प्रशासन के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें जनपद के नामित फील्ड ट्रेनरों को जनगणना से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि जनगणना देश का सबसे व्यापक और महत्वपूर्ण सांख्यिकीय अभियान है, जिसके माध्यम से जनसंख्या, सामाजिक-आर्थिक स्थिति, आवासीय स्थिति, साक्षरता, रोजगार समेत कई महत्वपूर्ण आंकड़ों का संकलन किया जाता है। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर सरकार विभिन्न विकास योजनाओं और नीतियों का निर्माण करती है।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी गजेन्द्र कुमार ने कहा कि जनगणना कार्य को पूरी पारदर्शिता, जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ संपन्न किया जाना चाहिए, ताकि एकत्रित किए गए आंकड़े पूरी तरह सटीक और विश्वसनीय हों। उन्होंने प्रशिक्षण ले रहे फील्ड ट्रेनरों से अपेक्षा की कि वे प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान को गंभीरता से आत्मसात करें और आगे प्रगणकों तथा पर्यवेक्षकों को भी प्रभावी ढंग से प्रशिक्षित करें।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों ने फील्ड ट्रेनरों को हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग जनगणना की प्रक्रिया, जनगणना की अवधारणाएं, प्रपत्रों के सही संधारण, डिजिटल एप्लीकेशन के उपयोग और फील्ड स्तर पर कार्य संचालन की बारीकियों से अवगत कराया। साथ ही रिपोर्टिंग प्रणाली, समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने प्रशिक्षण के दौरान यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान एकत्रित की जाने वाली सभी सूचनाओं की गोपनीयता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। इस दौरान प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का समाधान भी विशेषज्ञों द्वारा किया गया तथा फील्ड स्तर पर आने वाली संभावित समस्याओं के समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बताया गया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 11 मार्च से 13 मार्च 2026 तक संचालित किया जा रहा है, जबकि इसका दूसरा चरण 16 मार्च से 18 मार्च 2026 तक आयोजित होगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद यही फील्ड ट्रेनर अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे, जिससे जनगणना–2027 का कार्य जनपद में व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर के रूप में रुपेश कुमार, अपर जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी धुरेन्द्र तोमर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सहित जनगणना निदेशालय से आईं श्रीमती ज्योति नामदेव और श्री गौरव गुंजन ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी और नामित फील्ड ट्रेनर भी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments