Homeराष्ट्रीयकपड़ों की फेरी की आड़ में महिलाओं को बनाते थे निशाना, कुंडल...

कपड़ों की फेरी की आड़ में महिलाओं को बनाते थे निशाना, कुंडल ठगने वाले दो शातिर दबोचे

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने महिलाओं को झांसे में लेकर आभूषण ठगने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया है। आरोपी कपड़ों की फेरी की आड़ में मोहल्लों में घूमते थे और सीधी-सादी महिलाओं को बातों में फंसाकर उनके जेवर उतरवा लेते थे। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी किए गए कुंडल, घटना में प्रयुक्त बाइक, पुराने कपड़ों से भरा बैग और दो नाजायज चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 11 अप्रैल को रामपुरी क्षेत्र निवासी महिला बबीता ने कोतवाली नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि दो युवकों ने कुंडल गिरवी रखने और कपड़े देने का झांसा देकर उनके कानों से कुंडल उतरवा लिए और रुपये लेकर फरार हो गए। मामले में मुकदमा दर्ज कर प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा के निर्देशन में चौकी प्रभारी सोनू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने शुक्रवार रात नियाजुपुरा स्थित सरकारी स्कूल के पास से दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अनस कुरैशी निवासी मेरठ और शहजाद निवासी नियाजुपुरा बताया। दोनों ने स्वीकार किया कि वे पुराने कपड़ों की गठरी और बैग लेकर गलियों में घूमते थे। जहां कोई भोली-भाली महिला मिलती, उसे सस्ते कपड़े या गिरवी के नाम पर फंसाकर जेवर उतरवा लेते और मौके से भाग जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक जोड़ी पीली धातु के कुंडल, स्प्लेंडर बाइक, पुराने कपड़ों से भरा बैग और दो चाकू बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

चौकी प्रभारी सोनू कुमार की सक्रियता से इस वारदात का सफल खुलासा हो सका। लोगों से अपील की गई है कि अनजान लोगों के झांसे में न आएं और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments