Homeराष्ट्रीयएसआई भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, डीएम-एसएसपी ने अफसरों को दिए...

एसआई भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, डीएम-एसएसपी ने अफसरों को दिए कड़े निर्देश

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस उप निरीक्षक भर्ती की आगामी लिखित परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गया है। बुधवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा 14 और 15 मार्च 2026 को दो पालियों में उप निरीक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पूरी पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराने के लिए प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। इस दौरान स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस पर्यवेक्षक, परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक व प्रबंधकों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अभ्यर्थियों के प्रवेश से संबंधित व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं, ताकि परीक्षा देने आने वाले किसी भी अभ्यर्थी को असुविधा का सामना न करना पड़े। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। इन हेल्प डेस्क पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक कर्मी बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को उनके परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में मदद करेंगे। इसके साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों के क्यूआर कोड भी जारी किए गए हैं, जिनकी मदद से अभ्यर्थी अपने मोबाइल फोन से आसानी से परीक्षा केंद्र का लोकेशन पता कर सकेंगे।
प्रशासन ने साफ किया है कि परीक्षा केंद्रों पर कड़ी चेकिंग के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या प्रतिबंधित सामग्री को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन, पुलिस अधीक्षक यातायात, पुलिस ऑब्जर्वर सहित पुलिस व प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments