Homeराष्ट्रीयअवैध निर्माण पर चला प्राधिकरण का बुलडोजर, 11,500 वर्ग मीटर में फैली...

अवैध निर्माण पर चला प्राधिकरण का बुलडोजर, 11,500 वर्ग मीटर में फैली कॉलोनी ध्वस्त

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। शहर में अवैध निर्माण और बिना स्वीकृति काटी जा रही कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) की टीम ने जानसठ रोड क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाकर करीब 11,500 वर्ग मीटर में फैले अवैध निर्माण और प्लॉटिंग को जमींदोज कर दिया।
बताया गया कि यह कार्रवाई मंडलायुक्त सहारनपुर की प्रेरणा और प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती कविता मीना के निर्देश पर की गई। जोन-2 के अंतर्गत शेरनगर, जानसठ रोड स्थित एक भूखंड पर लगभग 2,500 वर्ग मीटर में किए गए अवैध निर्माण को गिराया गया, जबकि न्यू मंडी क्षेत्र में मैट्रो कुर्सी गोदाम के पास करीब 9,000 वर्ग मीटर में बिना मानचित्र स्वीकृति के की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, संबंधित भू-स्वामियों को पहले ही नोटिस जारी कर दिए गए थे और चालानी कार्रवाई के बाद ध्वस्तीकरण के आदेश भी पारित किए जा चुके थे। इसके बावजूद अवैध निर्माण और प्लॉटिंग को नहीं हटाया गया, जिसके चलते यह सख्त कदम उठाना पड़ा।
ध्वस्तीकरण की इस कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के सहायक अभियंता, अवर अभियंता और अन्य कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए संबंधित थाने का पुलिस बल भी तैनात रहा।
प्राधिकरण ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना स्वीकृति के निर्माण या कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। शहर में अवैध निर्माण पर लगाम कसने के लिए एमडीए का अभियान लगातार तेज किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments