Homeराष्ट्रीयवसुंधरा रेजिडेंसी में सिलेंडर धमाका, तीन की मौत

वसुंधरा रेजिडेंसी में सिलेंडर धमाका, तीन की मौत

रिपोर्ट – कबीर


मुज़फ्फरनगर। थाना नई मंडी क्षेत्र की पॉश कॉलोनी वसुंधरा रेजिडेंसी फेस थर्ड में मंगलवार की शाम उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक मकान के सेकंड फ्लोर पर अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मकान में रखा एलपीजी गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना भयानक था कि उसकी गूंज कई सौ मीटर दूर तक सुनाई दी और पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
इस भयावह हादसे में मकान के भीतर मौजूद तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आग में फंसे लोगों को बचाने की कोशिश में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। मृतकों की पहचान अमित गौर उम्र करीब 50 वर्ष, नितिन गौर पुत्र राममोहन गौर उम्र करीब 45 वर्ष और सुशीला पत्नी राममोहन गौर उम्र करीब 68 वर्ष के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से मकान में फंसे लोगों को बाहर निकाला और सभी को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक परिवार मूल रूप से जनपद शामली का रहने वाला था और वर्तमान में मुज़फ्फरनगर की वसुंधरा कॉलोनी में किराये पर रह रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत मौके पर पहुंचे, घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी सिटी ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है और एक व्यक्ति आग में झुलसा है, जिसका इलाज चल रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों, सिलेंडर ब्लास्ट और अन्य पहलुओं को लेकर गहन जांच की जा रही है।

मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद लगातार दो बार धमाके हुए, जिससे लोग सहम गए। स्थानीय लोग बचाव के लिए सेकंड फ्लोर तक पहुंचे, लेकिन आग की भयावहता और धमाकों के चलते पीछे हटना पड़ा। इसी दौरान बचाव में उतरा एक व्यक्ति आग की चपेट में आकर झुलस गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है और लोग इस दर्दनाक घटना से सदमे में हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments