रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। शहर की सड़कों पर शोर मचाकर फर्राटा भरने वालों के खिलाफ रविवार को यातायात पुलिस ने कड़ा शिकंजा कस दिया। मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हार्न और हूटर लगाकर नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों पर सघन अभियान चलाते हुए 225 वाहनों के चालान किए गए, जबकि कुल 4 लाख 32 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। कई वाहनों के मॉडिफाइड साइलेंसर मौके पर ही उतरवा दिए गए।
क्षेत्राधिकारी यातायात रविन्द्र प्रताप सिंह और प्रभारी राकेश कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान शहर और प्रमुख मार्गों पर चेकिंग की गई। पुलिस टीम ने ऐसे वाहन चालकों को निशाने पर लिया जो तेज आवाज वाले साइलेंसर और अवैध हूटर लगाकर आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहे थे।

कार्रवाई के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगे 159 वाहनों के चालान कर 2 लाख 42 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। वहीं प्रेशर हार्न और हूटर का प्रयोग करने वाले 66 वाहनों के चालान कर 1 लाख 90 हजार रुपये का दंड वसूला गया।
यातायात पुलिस का कहना है कि ऐसे उपकरणों से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है, जिससे मरीजों, बुजुर्गों, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को भारी परेशानी होती है। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हार्न और हूटर का प्रयोग न करें तथा यातायात नियमों का पालन करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

