रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। थाना क्षेत्र छपार स्थित भारत मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को एक विशेष सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसकी तैयारियों ने जिले की राजनीतिक हवा को पहले ही गर्म कर दिया है। यह सम्मेलन आगामी 26 तारीख को मुज़फ्फरनगर में होने वाले विशाल महासम्मेलन की रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए बुलाया गया, जिसमें आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद ‘रावण’ शिरकत करेंगे।
सम्मेलन में पूर्व विधायक नवाज़िश आलम खान ने कहा कि यह महासम्मेलन सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि ऐतिहासिक मोड़ साबित होगा। उन्होंने कहा कि आज़ाद समाज पार्टी लगातार दलितों, अल्पसंख्यकों और वंचित समाज की आवाज को सशक्त करने का काम कर रही है।
पूर्व विधायक ने कहा— “अगर संविधान को बचाना है और लोकतंत्र को मजबूत रखना है तो आजाद समाज पार्टी को सत्ता में लाना होगा। चंद्रशेखर रावण आज वह नेतृत्व है जो हर मोर्चे पर संविधान और सामाजिक न्याय के लिए लड़ रहा है। वंचित और शोषित समाज की असली आवाज चंद्रशेखर रावण ही उठा रहे हैं।”
इस दौरान सम्मेलन में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। खास तौर पर प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय महासचिव, सहारनपुर जिला अध्यक्ष, शामली जिला अध्यक्ष, मेरठ जिला अध्यक्ष, तथा विभिन्न जिलों के वरिष्ठ अधिकारी व पदाधिकारी कार्यक्रम में पहुंचे और आगामी महासम्मेलन की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की। सभी पदाधिकारियों ने तैयारियों को तेज करने का संकल्प लेते हुए कहा कि यह आयोजन क्षेत्र की राजनीति में एक महत्वपूर्ण संदेश देगा।
नवाज़िश आलम खान ने बताया कि 26 तारीख के कार्यक्रम को लेकर जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया गया है। गांव-गांव बैठकों का दौर जारी है और युवा कार्यकर्ता लगातार लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह महासम्मेलन ऐतिहासिक भीड़ का गवाह बनेगा, जिसमें दूरदराज़ क्षेत्रों से लोग पहुंचकर चंद्रशेखर रावण का संबोधन सुनेंगे।
उन्होंने जोर देकर कहा कि यह सभा समाज के हर तबके की उम्मीदों का प्रतिनिधित्व करेगी और आने वाले समय में एक नई राजनीतिक लहर की शुरुआत करेगी।
कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों ने एक सुर में दावा किया कि 26 तारीख को मुज़फ्फरनगर सामाजिक न्याय की सबसे बड़ी आवाज का केंद्र बनेगा और यह महासम्मेलन आने वाली पीढ़ियों के लिए मिसाल छोड़ेगा।
