रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के लक्ष्मी नगर में अखिल भारत हिंदू महासभा और अंतर्राष्ट्रीय संत महासभा द्वारा आयोजित भगवा रैली में इस बार कई बड़ी और विवादित मांगें सामने आईं। मंच से नाथूराम गोडसे को भारत रत्न देने की मांग ने सियासी हलकों में हलचल पैदा कर दी है।
गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी अखिल भारत हिंदू महासभा एवं अंतर्राष्ट्रीय संत महासभा द्वारा मुज़फ़्फ़रनगर के लक्ष्मी नगर में भगवा रैली का आयोजन किया गया। रैली के लिए देशभर से सनातनी वीरों को आमंत्रित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में संत और पदाधिकारी शामिल हुए।
इस दौरान अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ सिद्धार्थ भट्टाचार्य, राष्ट्रीय संरक्षक श्री श्री 1008 माधवानंद सरस्वती जी महाराज, श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के राष्ट्रीय अध्यक्ष फलहारी दिनेश महाराज, राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य मदन जी महाराज, भाजपा नेत्री उर्मिला यादव, विवेक प्रेमी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
रैली का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल द्वारा भगवा ध्वज दिखाकर किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष योगेंद्र वर्मा द्वारा सभी अतिथियों का भगवा पगड़ी एवं पटका पहनाकर स्वागत किया गया।
राज्य मंत्री को दिए गए ज्ञापन में अखिल भारत हिंदू महासभा ने कुल 11 प्रमुख मांगें रखीं। इनमें भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करने, मुज़फ़्फ़रनगर का नाम लक्ष्मी नगर करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने, और समान नागरिक संहिता लागू करने की मांग शामिल रही।
ज्ञापन में नाथूराम गोडसे को भारत रत्न देने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके साथ ही मुस्लिमों का अल्पसंख्यक दर्जा समाप्त करने, धार्मिक स्थलों पर प्रवेश को लेकर प्रतिबंध, मंदिरों की तरह अन्य धार्मिक संस्थानों पर टैक्स लगाने या मंदिरों पर सरकारी नियंत्रण हटाने जैसी मांगें भी रखी गईं।
इसके अलावा गुरुकुलों की स्थापना कर शास्त्र और शस्त्र दोनों प्रकार की शिक्षा देने, गोवंश को राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने, पुलिस कर्मियों का वेतन बढ़ाने और ड्यूटी को 8 घंटे तक सीमित करने, जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करने और देश विरोधी बयान देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की गई।
अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ सिद्धार्थ भट्टाचार्य ने कहा कि गोडसे एक महान देशभक्त थे और उन्हें भारत रत्न अवश्य दिया जाना चाहिए।
भगवा रैली हिंदू महासभा कार्यालय से शुरू होकर नॉवेल्टी चौराहा, अंसारी रोड, मालवीय चौक, झांसी की रानी मार्ग से होते हुए शिव चौक पर जाकर संपन्न हुई। रैली में सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए।
रैली में दो रथ और घोड़ा गाड़ी भी आकर्षण का केंद्र रहे, जिनमें संत विराजमान थे। पूरे शहर में भगवान श्रीराम के नारों से माहौल गूंज उठा और जगह-जगह पुष्प वर्षा कर रैली का स्वागत किया गया।
रैली में मुख्य रूप से राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष योगेंद्र वर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमरीश त्यागी, प्रदेश अध्यक्ष अरुण चौधरी, उपाध्यक्ष अमित पहलवान, जिला अध्यक्ष संदीप मित्तल, राष्ट्रीय सदस्य सोना सिंह, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष साक्षी वर्मा, डॉ कपिल कश्यप, शीलू कश्यप, टीटू कुमार, सावन प्रजापति और योग ठाकुर सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

