रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र में जिला अस्पताल गेट नंबर-1 के सामने से चोरी हुए ई-रिक्शा मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर शानदार खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया ई-रिक्शा (UP 12 DT 3283) भी बरामद कर लिया है, जिससे इलाके में बढ़ रही चोरी की वारदातों पर पुलिस की सख्ती साफ नजर आई।
खालापार निवासी रिजवान पुत्र महमूद ने 4 अप्रैल को थाना कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके ई-रिक्शा को जिला अस्पताल गेट के सामने से चोरी कर ले गए। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी।
थाना प्रभारी बबलू सिंह वर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई, जिसमें अस्पताल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सोनू कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस टीम ने तेजी से काम करते हुए सुरागरसी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 24 घंटे के भीतर ही घटना का पर्दाफाश कर दिया।
पुलिस ने मिमलाना रोड निवासी सरताज (27) और अलताफ (19) को लद्दावाला क्षेत्र से गिरफ्तार किया। दोनों शातिरों के कब्जे से चोरी किया गया ई-रिक्शा बरामद हुआ है। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल की है।
पुलिस के मुताबिक सरताज का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जिससे उसके पेशेवर अपराधी होने के संकेत मिलते हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस की सक्रियता और अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख एक बार फिर उजागर हुआ है।
