Homeराष्ट्रीयऑपरेशन सवेरा में तितावी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 50 लाख की स्मैक...

ऑपरेशन सवेरा में तितावी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 50 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के तहत थाना तितावी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 270 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी जा रही है। साथ ही एक बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 20 मार्च की रात तितावी पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तितावी पुल के पास दो मोटरसाइकिलों पर चार संदिग्ध युवक खड़े दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखते ही सभी भागने लगे, लेकिन पीछा कर एक मोटरसाइकिल सवार दो आरोपियों को पकड़ लिया गया, जबकि उनके दो साथी मौके से फरार हो गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रब्बान पुत्र अफसर निवासी सिवालखास, थाना जानी (मेरठ) और दानिश पुत्र अश्फाक निवासी जौला, थाना बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से 270 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अपने फरार साथियों के साथ मिलकर बरेली से स्मैक खरीदकर लाते थे और विभिन्न स्थानों पर ऊंचे दामों में बेचते थे। इस धंधे से वे अवैध रूप से मोटा मुनाफा कमा रहे थे।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। साथ ही गिरफ्तार तस्करों के आपराधिक इतिहास की भी गहन जांच की जा रही है।
जनपद में नशे के खिलाफ चल रहे इस अभियान से साफ है कि पुलिस अब इस अवैध कारोबार पर सख्ती से शिकंजा कस रही है और आने वाले दिनों में ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई और तेज होने के संकेत हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments