Homeराष्ट्रीयईद पर शांति बनाए रखने को प्रशासन अलर्ट, एसपी ग्रामीण ने धर्मगुरुओं...

ईद पर शांति बनाए रखने को प्रशासन अलर्ट, एसपी ग्रामीण ने धर्मगुरुओं संग की बैठक और ईदगाहों का निरीक्षण

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। आगामी ईद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल ने बुढाना थाने में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं और जनप्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक कर आपसी भाईचारा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
बैठक के दौरान एसपी ग्रामीण ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि नमाज केवल निर्धारित स्थानों—ईदगाह और मस्जिदों में ही अदा करें तथा शासन-प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन का सख्ती से पालन करें। साथ ही, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इसके बाद एसपी ग्रामीण ने शाहपुर और बुढाना क्षेत्र स्थित ईदगाहों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धर्मगुरुओं से संवाद कर शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे को बनाए रखने पर जोर दिया। मौके पर तैनात पुलिस बल को भी सतर्क रहने, लगातार गश्त करने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए।
नवरात्रि और ईद को देखते हुए जनपद में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि पीआरवी और मोबाइल टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। हर जोन और सेक्टर में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि त्योहारों की खुशियों में खलल डालने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि आमजन से अपील की गई है कि वे आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ त्योहार मनाकर जिले की गंगा-जमुनी तहजीब को मजबूत करें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments