Headlines

नौकर बने गुनहगार: मालिक के घर से उड़ाए लाखों, खालापार पुलिस ने खोला राज—एक दबोचा, 3200 रुपये बरामद

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। भरोसे की आड़ में घर के अंदर ही सेंध लगाने वाले नौकरों के गिरोह का खालापार पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। रेनबो विहार में हुई लाखों की चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके कब्जे से 3200 रुपये बरामद किए गए हैं। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
मामला उस वक्त सामने आया जब 23 जनवरी 2026 को रेनबो विहार निवासी संजीव जैन ने थाना खालापार में तहरीर देकर बताया कि उनके घर में काम करने वाले चार नौकर स्टोर से करीब ढाई लाख रुपये और सोने की चेन चोरी कर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 17 मार्च को बड़ी सफलता हासिल करते हुए आरोपी सोनू यादव को चिरागिया मदरसे के सामने एक खाली प्लॉट में दीवार के पीछे से दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से चोरी के 3200 रुपये बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसने अपने साथियों सतेन्द्र, परमिन्द्र और संजीव उर्फ संजय के साथ मिलकर ही मालिक के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। पकड़ा गया आरोपी जमानत कराने के लिए वकील से मिलने जा रहा था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। खालापार पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *