Headlines

मेधावी छात्रों का सम्मान, मिशन शक्ति का संदेश—तस्मिया स्कूल में गूंजा उत्साह

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। शहर के तस्मिया जूनियर हाई स्कूल में वार्षिक परीक्षा परिणाम और पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन बेहद उत्साह, गरिमा और प्रेरणादायक माहौल के बीच सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जहां मेधावी छात्रों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत की गई, वहीं मिशन शक्ति के तहत सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश भी प्रभावी ढंग से दिया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि थाना खालापार में तैनात सब इंस्पेक्टर गजेन्द्र सिंह चाहर रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में लेडी सब-इंस्पेक्टर झिलमिल बंसल ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। मिशन शक्ति टीम के सदस्य मोन पाल तेवतिया और ज्योति जानवी की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और अधिक सार्थक बना दिया।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षिका रेशमा तबस्सुम ने प्रभावशाली ढंग से किया। विद्यालय के प्रबंधक सैयद ऐजाज़ अहमद ने अतिथियों का स्वागत पुष्पमालाएं पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया। इसके बाद कार्यवाहक प्रधानाचार्य जावेद मजहर ने स्वागत भाषण देते हुए शिक्षा को जीवन का आधार बताते हुए विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि झिलमिल बंसल ने अपने संबोधन में मिशन शक्ति अभियान की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि यह पहल महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 1091 और 1098 की जानकारी देते हुए किसी भी आपात स्थिति में निडर होकर मदद लेने की अपील की। इस दौरान मिशन शक्ति से जुड़े पंपलेट भी वितरित किए गए।
मुख्य अतिथि गजेन्द्र सिंह चाहर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि अनुशासन, ईमानदारी और कड़ी मेहनत ही सफलता की असली कुंजी हैं। उन्होंने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
समारोह के दौरान यूकेजी से लेकर कक्षा आठ तक के दर्जनों मेधावी छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और अभिभावकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ शिक्षिका खुशनसीब ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ, लेकिन छात्रों के मन में सफलता और प्रेरणा की जो ज्योति जली, वह लंबे समय तक उन्हें आगे बढ़ने का संकल्प देती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *